undefined

सरवंश दानी गुरू गोविंद के प्रकाश पर्व पर निकली प्रभात फेरी

मुजफ्फरनगर में श्री गुरू सिंह सभा के नगर कीर्तन में उमड़े सिख श्रद्धालुओं ने किया दशमेश पिता का गुणगान, पंच प्यारों ने दिया धर्म रक्षा का संदेश

सरवंश दानी गुरू गोविंद के प्रकाश पर्व पर निकली प्रभात फेरी
X

मुजफ्फरनगर। अपना पूरा वंश धर्म और राष्ट्र के सम्मान की रक्षा के लिए बलिदान कर देने वाले शहीद पिता के पुत्र और शहीद पुत्रों के पिता श्री गुरु गोविंद सिंह महाराज के 356वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष में प्रभात फेरी का आयोजन श्री गुरु सिंह सभा मुजफ्फरनगर द्वारा किया गया। इस दौरान नगर कीर्तन में शामिल सिख समुदाय के महिला और पुरुषों के साथ ही बच्चों और बुजुर्गों ने भी गुरू का गुणगान किया। नगर कीर्तन के दौरान जहां पंच प्यारों ने धर्म रक्षा का संदेश दिया तो वहीं साथ चल रही सिख संगत ने सड़क पर साफ सफाई करते हुए लोगों को नागरिक कर्तव्यों के लिए भी प्रेरित किया।


श्री गुरु सिंह सभा के मीडिया प्रभारी सरदार हरप्रीत सिंह सन्नी ने बताया कि मंगलवार को श्री गुरु सिंह सभा द्वारा एक प्रभात फेरी का आयोजन किया गया, जो कि प्रातः 7.30 बजे गांधी कालोनी गली नंबर 10 गुरुद्वारे से प्रारंभ होकर गांधी कालोनी मेन रोड, लिंक रोड, भोपा रोड, अंसारी रोड, रुड़की रोड, झांसी की रानी से होते हुए लगभग 12.00 बजे रोडवेज के निकट गुरुद्वारे पर समापन हुआ।


प्रभात फेरी में मुजफ्फरनगर का मशहूर बैंड गुरबाणी का गायन कर रहा था। मुजफ्फरनगर की मशहूर गतका पार्टी अपने हैरतअंगेज करतब दिखा रही थी। इसी बीच नगर कीर्तन में सिख संगत गुरू का गुणगान करते हुए चल रही थी। गुरु ग्रंथ साहिब जी की सवारी फूलों के साथ सजावट वाली ट्राली पर चल रही थी, जिसकी अगुवाई पांच प्यारे कर रहे थे। उनके आगे संगत झाड़ू लगाकर सफाई कर रही थी, जो एक मनभावन नजारा प्रस्तुत करती रहीं।


एक ट्राली पर सवार संगत के द्वारा गुरू ग्रंथ साहिब के साथ ही नगर कीर्तन में शामिल संगत पर फूलों की वर्षा की जा रही थी। उसके पीछे गांधी कालोनी, नुमाइश कैंप गुरुद्वारे की प्रभात फेरिया चल रही थी जिसमें संगत गुरबाणी का गायन करते हुए चल रहे थे। प्रभात फेरी का पूरे रास्ते में अनेक सामाजिक व राजनीतिक संगठनों द्वारा फूलो की वर्षा कर स्वागत किया गया और जगह-जगह विभिन्न प्रकार के प्रसाद के स्टाल लगाए गए।


गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल के बच्चों द्वारा दशमेश बैंड द्वारा गुरबाणी का गायन किया गया। प्रभात फेरी का समापन रोडवेज के निकट गुरुद्वारे पर हुआ, जहां संगत को बड़ी ही श्रद्धा के साथ लंगर छकाया गया। श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सरदार गुरचरण सिंह बराड़ व सेक्रेटरी सरदार रणजीत सिंह राजपाल द्वारा आई हुई संगतों का धन्यवाद किया गया। उन्होंने बताया कि दशमेश पिता श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का प्रकाश पर्व 05 जनवरी दिन बृहस्पतिवार को रोडवेज के निकट गुरुद्वारे में बड़ी श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा, जिसका समापन दोपहर 2.00 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए श्री गुरु सिंह सभा के सभी सम्मानित सदस्यों का पूरा सहयोग रहा।

Next Story