undefined

उमा किरण ने सपा छोड़ी, पुरकाजी से लड़ेंगी चुनाव

चन्द्रशेखर रावण ने पूर्व मंत्री को दिया टिकट, मुजफ्फरनगर जिले की पांच सीटों पर उतारे प्रत्याशी

उमा किरण ने सपा छोड़ी, पुरकाजी से लड़ेंगी चुनाव
X

मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी से गठबंधन के प्रयास में विफल होने के बाद अब चन्द्रशेखर आजाद उर्फ रावण ने यूपी विधानसभा चुनाव में सीधे टक्कर लेने की तैयारी करते हुए अपने प्रत्याशियों को मैदान में उतार दिया है। इस बार भी पुरकाजी में पूर्व विधायक अनिल कुमार को चुनौती देने के लिए पूर्व मंत्री उमा किरण चुनाव मैदान में उतरी हैं। उनको चन्द्रशेखर ने अपने राजनीतिक दल आजाद समाज पार्टी काशीराम से उम्मीदवार बनाया है। इसके साथ ही चन्द्रशेखर ने जनपद में छह में से पांच सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। दो सीटों पर मुस्लिमों को टिकट दिया गया है।

पूर्व मंत्री और सपा नेत्री उमा किरण भी इस बार नया सियासी चोला ओढ़ चुकी है। उन्होंने बसपा के बाद अब सपा को भी बाय बाय कहा और भीम आर्मी प्रमुख के रूप में चर्चाओं में आये चन्द्रशेखर आजाद उर्फ रावण के राजनीतिक संगठन आजाद समाज पार्टी को ज्वाइन कर लिया है। सपा रालोद गठबंधन में उमा किरण भी जनपद की पुरकाजी सुरक्षित सीट से सपा कोटे से प्रमुख दावेदार बनी हुई थीं, लेकिन उनको 2017 की भांति इस बार भी निराशा ही हाथ लगी। उस चुनाव में सपा ने कांग्रेस के साथ गठबंधन करते हुए पुरकाजी से दीपक कुमार को टिकट दे दिया था, जबकि सपा प्रत्याशी के रूप में उमा किरण भी नामांकन दाखिल कर चुकी थी। हाईकामन के विरोध के बावजूद भी उमा किरण ने पुरकाजी से चुनाव लड़ा था।


इस बार भी टिकट कटने से हताश होकर उन्होंने सपा से किनारा कर लिया और आजाद समाज पार्टी में चली गई। आज चन्द्रशेखर ने शामली, मुजफ्फरनगर और मेरठ जनपदों की 20 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा की। इनमें मुजफ्फरनगर की छह में से पांच सीटों पर प्रत्याशी उतारे गये हैं। जनपद की बुढ़ाना सीट से सालिम चैधरी, चरथावल से तरूण कुमार, पुरकाजी से पूर्व मंत्री उमा किरण, मुजफ्फरनगर सदर सीट से सभासद परवेज आलम और खतौली से मनोज गुर्जर को प्रत्याशी बनाया गया है। जबकि मीरापुर सीट से अभी टिकट का ऐलान नहीं किया गया है। पुरकाजी सीट पर उमा किरण के मैदान में आने से यहां पर त्रिकोणीय मुकाबले के आसार बन सकते हैं और रोमांचक मुकाबला हो सकता है। अभी तक पुरकाजी में भाजपा से विधायक प्रमोद उटवाल, सपा रालोद गठबंधन में पूर्व विधायक अनिल कुमार मैदान में उतरे हैं। अब पूर्व मंत्री उमा किरण की इस क्षेत्र में मौजूदगी इस चुनावी जंग की सरगर्मी को और बढ़ाने वाली साबित हो सकती है।

Next Story