undefined

किसानों को दिल्ली में निरंकारी समागम मैदान पर प्रदर्शन की अनुमति मिली

किसानों को आखिर दिल्ली में प्रवेश करने और बुराड़ी इलाके में निरंकारी समागम मैदान पर प्रदर्शन की अनुमति मिल गई है। दो दिन से चल रहे टकराव के हालात के बाद अब किसान दिल्ली में प्रदर्शन कर अपनी बात रख सकेंगे।

किसानों को दिल्ली में निरंकारी समागम मैदान पर प्रदर्शन की अनुमति मिली
X

नई दिल्ली। दिल्ली चलो मार्च के तहत राष्ट्रीय राजधानी की ओर बढ़ कर रहे किसानों को आखिर दिल्ली में प्रवेश करने और बुराड़ी इलाके में निरंकारी समागम मैदान पर प्रदर्शन की अनुमति मिल गई है। दो दिन से चल रहे टकराव के हालात के बाद अब किसान दिल्ली में प्रदर्शन कर अपनी बात रख सकेंगे।

इसकी पुष्टि दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने की। वहीं पंजाब के किसान नेताओं ने बताया कि केंद्र सरकार ने उन्हें दिल्ली के बुराड़ी मैदान में प्रदर्शन की मंजूरी दे दी है। क्रांतिकारी किसान यूनियन के अध्यक्ष दर्शन पाल ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने उन्हें दिल्ली के बुराड़ी में एक स्थान पर प्रदर्शन करने की अनुमति दी है। पुलिस अधिकारियों ने बातया कि किसान नेताओं के साथ चर्चा के बाद दिल्ली पुलिस ने बुराड़ी में किसानों को निरंकारी समागम मैदान पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की इजाजत दी है। हम उनसे अपील करते हैं कि दूसरों को कोई दिक्कत ना इसके लिए शांति बनाए रखें।

इससे पहले कल से चल रहे टकराव के हालात के बीच किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने दिल्ली-हरियाणा सीमा पर कई जगह वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले दागकर किसानों को रोकने की कोशिश की। सिंघु बाॅर्डर पर प्रदर्शन कर रहे किसानों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा कर्मियों द्वारा आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किए जाने के बाद वहां घना धुआं देखा गया। टीकरी बाॅर्डर पर किसानों की पुलिस से झड़प हो गई और उन्होंने अवरोधक के तौर पर लगाए ट्रक को जंजीरों के जरिए ट्रैक्टर से बांध वहां से हटाने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के लिए सुरक्षा कर्मी ड्रोन का इस्तेमाल भी कर रहे हैं। प्रदर्शन के कारण शहर के कई इलाकों में यातायात भी प्रभावित हुआ है। राष्ट्रीय राजधानी सीमाओं से लगे कई स्थानों पर यातायात का मार्ग बदल दिया गया है। दिल्ली-गुड़गांव सीमा पर वाहनों की तलाशी भी बढ़ा दी गई है, जिससे वहां जाम लग गया है। दिल्ली-गुड़गांव सीमा पर सीआईएसएफ के कर्मियों को भी तैनात किया गया है।

Next Story