undefined

एकजुट होकर अब एक छत के नीचे आये ब्राह्मण समाजः जितिन प्रसाद

राज्य के लोक निर्माण मंत्री ने जनपद में की विकास कार्यों की समीक्षा, आबकारी रोड पर ब्राह्मण भोज में टटोली समाज की नब्ज

एकजुट होकर अब एक छत के नीचे आये ब्राह्मण समाजः जितिन प्रसाद
X

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार में लोक निर्माण विभाग के मंत्री जितिन प्रसाद ने आज जनपद में वृहद भ्रमण कार्यक्रम के दौरान जहां विभागीय कार्यों की समीक्षा की। वहीं उनके द्वारा जनपद में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले दो मार्गों के निर्माण के लिए स्वीकृति भी प्रदान की। इसके अलावा उनके द्वारा विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए प्रगति को परखा तो वहीं सामाजिक गठजोड़ के लिए भी उन्होंने ब्राह्मण भोज में शिरकत करते हुए समाज के लोगों से एक ही छत के नीचे आने का आह्नान करते हुए भाजपा के पक्ष में जुट जाने की ओर इशारा किया।

लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद इन दिनों भाजपा के ब्राह्मण भोज कार्यक्रम के लिए वेस्ट यूपी के जनपदों का दौरा कर रहे है। नोएडा और हापुड़ के बाद जनपद मुजफ्फरनगर में वो चौथे ब्राह्मण भोज कार्यक्रम के लिए शनिवार को दोपहर बाद नई दिल्ली से सड़क मार्ग द्वारा पहुंचे। यहां मेरठ रोड पर लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ ही संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं से भेंटवार्ता के उपरांत मंत्री जितिन प्रसाद विकास भवन पहुंचे और यहां सभागार में उनके द्वारा जनपद में स्वीकृत एवं प्रस्तावित विभागीय कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान मंत्री स्वतंत्र प्रभार व नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष और जिलाधिकारी के साथ ही लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन एवं अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। घंटों चली बैठक में उन्होंने विकास कार्यों की गुणवत्ता पर समयब(ता पर जोर दिया। इसके बाद मंत्री जितिन प्रसाद श्री राम दरबार के अध्यक्ष पंडित श्रीमोहन महाराज के आबकारी रोड स्थित निवास स्थान राम कुटीर पर आयोजित ब्राह्मण भोज में शामिल हुए। यहां उन्होंनेसभी ब्राह्मण बंधुओं को मकर संक्रांति की बधाई देते हुए उनके बीच रहकर सामाजिक एकजुटता पर बल दिया। मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि ब्राह्मण समाज को समाज के उत्थान के लिए अब एकजुटता के साथ सभी मतभेद भुलाकर एक ही छत के नीचे आना होगा, तभी समाज एक ताकत के रूप में अपना अधिकार पा सकता है। एक तरह से उनका यह कथन ब्राह्मण समाज को भाजपा की ओर आने का इशारा ही माना जा रहा है। यहां उनके द्वारा भोज करने के उपरांत मंत्री कपिल देव के गांधीनगर स्थित आवास पर पहुंचकर परिवार से मुलाकात की गयी और फिर विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर वो जिले से विदा हो गये।


मंत्री जितिन प्रसाद के ब्राह्मण भोज कार्यक्रम में मुख्य रूप से मंत्री कपिल देव, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, पूर्व चेयरमैन डॉ. सुभाष चन्द शर्मा, पूर्व चेयरमैन अंजू अग्रवाल, गौडीया मठ शुक्रताल के महंत भक्ति भूषण महाराज, उमादत्त शर्मा, प्रदीप शर्मा, अरविंद राज शर्मा, शलभ कौशिक एडवोकेट, पूर्व सभासद मनोज वर्मा, राजीव शर्मा, प्रवीण पीटर, मोहित मलिक, शुभम बंसल, हरेन्द्र शर्मा, रोहित तायल, सतीश शर्मा, इंजी. अशोक अग्रवाल, सुरेन्द्र अग्रवाल, अतुल शर्मा, शरद शर्मा, सुषमा पुण्डीर, रेणु गर्ग, राजेश पाराशर, जगदीश पांचाल आदि मौजूद रहे। यहां मंत्री जितिन प्रसाद को भगवान परशुराम की प्रतिमा भेंट की गई।

Next Story