undefined

अजित सिंह के गढ़ में संजीव बालियान पर किसानों ने बरसाए फूल

विपक्ष की किसान महा पंचायतों का जवाब भाजपा द्वारा गांव गांव की जा रही किसान चौपाल में दिया जा रहा है। ऐसी ही चौपाल किसान मसीहा स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की राजनीतिक कर्म स्थल पर भी आयोजित की गई।

अजित सिंह के गढ़ में संजीव बालियान पर किसानों ने बरसाए फूल
X

बागपत। लोकसभा चुनाव 2019 की सियासी जंग में मुजफ्फरनगर संसदीय सीट पर राष्ट्रीय लोक दल के नेता को पराजित करने वाले केंद्रीय मंत्री डॉ संजीव बालियान का रालोद केे गढ़ में किसानों ने फूल बरसा कर स्वागत किया किसान आंदोलन के बीच सत्ता और विपक्ष में चल रही राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई में विपक्ष की किसान महा पंचायतों का जवाब भाजपा द्वारा गांव गांव की जा रही किसान चौपाल में दिया जा रहा है। ऐसी ही चौपाल किसान मसीहा स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की राजनीतिक कर्म स्थल पर भी आयोजित की गई। यहां किसानों के हुजूम के बीच केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान और उनके साथ आए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का यादगार स्वागत किया गया। चौधरी अजीत सिंह ने मुजफ्फरनगर में किसानों की पिटाई के बाद गांव शोरम पहुंचकर संजीव बालियान को चुनौती दी थी तो इसका जवाब लेकर संजीव बालियान बागपत पहुंचे और किसान चौपाल में उन्होंने अजीत सिंह का नाम लिए बगैर कई गहरे तंज कसे।


शनिवार को बड़ौत के रमाला में जय पार्वती ग्लोबल स्कूल में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे केन्द्रीय पशुपालन विभाग में राज्य मंत्री संजीव बालियान ने कहा कि कांग्रेस शासन में घोटाले और चोरी, डकैती, राहजनी होती थी और समाजवादी पार्टी की सरकार में यूपी के थानों में हाजी आकर बैठ जाते थे। आज माहौल पूरी तरह बदल गया है। केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार में रामराज स्थापित हुआ है। उन्होंने किसानों को कृषि कानूनों से मिलने वाली सहूलियतों को भी समझाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सात साल में कोई घोटाला नहीं हुआ। सपा सरकार में चोरी, डकैती, राहजनी होती थी। अब प्रदेश में योगी बाबा की सरकार है। सब कुछ शांत है। अपराधी अपराध करने से पहले कई बार सोचता है।

उन्होंने रालोद सुप्रीमो चौधरी अजित सिंह का नाम न लेते हुए कहा कि इस जनपद को एक मिल मलकपुर दी थी, जिसका भुगतान आज तक नहीं होता है। कहा कि एपीएमसी मंडी हम बनाएंगे। बहुत सी जगह कांट्रेक्ट फार्मिंग पर गन्ने की खेती होती है, आज तक किसी ने किसानों की जमीन नहीं छीनी। विरोधी सरकार को बदनाम करने के लिए झूठा प्रचार कर रहे है। गन्ने के भाव पर अजित सिंह पर तंज कसते हुए कहा कि एक बार भी भाव नहीं मांगा। गन्ने के रेट भी योगी ही बढ़ाएंगे।


केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारे बाबा चौधरी चरण सिंह है। गुलाम मोहम्मद हमारा बाबा नहीं। चौधरी चरण सिंह व राजेश पायलट की प्रतिमा हम ही लगवाएंगे। पुसार-किशनपुर बराल मार्ग भी चौड़ा हो रहा है। पुल व चौड़ी सड़के बनाई जा रहीं है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा मंत्री व प्रदेश के मुख्यमंत्री से बातचीत कर ओटीएस योजना की तारीख 31 मार्च तक बढ़वायी जाएगी।

भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने कहा कि मोदी के शासनकाल में देश में परिवर्तन की लहर है। इससे घबराकर विरोधियों ने किसानों को गुमराह करने का काम शुरू कर दिया। कहा कि 26 जनवरी में लाल किले पर जो हुआ वह कोई किसान भाई नहीं कर सकता। कहा कि यदि आप आंदोलनकारी किसान का मुखौटा हटाकर देखोगे तो पहला चेहरा कांग्रेस का सामने आएगा तो दूसरा चेहरा सपा का। कहा कि बहुजन समाज पार्टी व सपा ने लोगों को जातियों के नाम पर बांटने का काम किया।


शामली विधायक तेजेंद्र निरवाल ने कहा कि किसानों को यदि किसी ने क्रेडिट कार्ड दिया है तो भाजपा ने दिया। आज सब कुछ डिजिटल हो रहा है, ऐसे में अब कोई भी अधिकारी फीता डाल किसी किसान की जमीन कम नहीं कर पाएगा। विधायक सहेंद्र सिंह रमाला ने कहा कि किसानों के झूठे हितैषी बनने का प्रयास ना करें विपक्ष। कहा कि गमले की खेती करने वाले किसान नहीं है।

बुढ़ाना से विधायक उमेश मलिक ने कहा कि किसान नाम को विपक्षी बदनाम कर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रहे है। आजम खां जैसे दंगाई को आज जेल में रहना पड़ रहा है। देश की अस्मिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पहले कृषि कानून में संशोधन की बात कही गयी, अब सरकार संशोधन को तैयार भी हो गई, लेकिन अब किसानों को विपक्ष द्वारा भटकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों के मसीहा चौधरी चरणसिंह भी चाहते थे किसान की उपज मंडियों के बाहर भी बिके।


ग्राम चौपाल की अध्यक्षता मांगेराम ने की तथा संचालन सतेंद्र पंवार ने किया। कवियित्री मनीषा यादव ने काव्य पाठ किया। इस सभा में भाजपा विधायक केपी मलिक, योगेश धामा, जिलाध्यक्ष सूरजपाल, चेयरमैन अमित राणा, पूर्व लोकेश दीक्षित, डॉ. नीरज कौशिक, वेदपाल उपाध्याय, प्रदीप ठाकुर, जसवीर सोलंकी, धूम सिंह ठेकेदार, संजीव खोखर, अरविंद, सचिन, सरिता, कपिलदेव, बिजेंद्र कश्यप, सतेंद्र, विजय, यशपाल सिंह, अवनीश, विजय बालियान, योगेश तोमर, अरविंद, अंकुर राणा, सचिन मलिक, सतेंद्र प्रजापति, भूपेंद्र शर्मा, शोकेंद्र आर्य, राकेश जैन, अंजू कश्यप, सतेंद्र तुगाना, प्रवीण तोमर सिरसली सहित सैंकड़ों लोग मौजूद रहे।

Next Story