undefined

श्रीकांत त्यागी प्रकरण--भाजपा सांसद महेश शर्मा बैकफुट पर

श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में त्यागी समाज में भाजपा विरोधी लहर बड़े स्तर पर दिखाई दे रही है। 21 अगस्त को त्यागी समाज ने नोएडा में भाजपा के खिलाफ बड़ी पंचायत बुलाई है। इसी को लेकर मुजफ्फरनगर जनपद के त्यागी समाज के नेता और भाजपा सांसद के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

श्रीकांत त्यागी प्रकरण--भाजपा सांसद महेश शर्मा बैकफुट पर
X

मुजफ्फरनगर। श्रीकांत त्यागी प्रकरण में भाजपा के खिलाफ त्यागी समाज के द्वारा चलाई जा रही आक्रोश की मुहिम से भाजपा सांसद महेश शर्मा इस मामले के त्यागी-ब्राह्मण विवाद बनने को लेकर परेशान हैं। त्यागी समाज ने 21 अगस्त को इस प्रकरण में नोएडा में बड़ी पंचायत का ऐलान कर रखा है। इसी को लेकर महेश शर्मा डेमेज कंट्रोल में जुटे हुए हैं, तो वहीं त्यागी समाज के लोग इस मुहिम को तेज करने के लिए कमर कस रहे हैं। त्यागी समाज के नेता मांगेराम त्यागी ने भाजपा सांसद महेश शर्मा से फोन पर बातचीत की, जिसकी ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गयी है।

त्यागी सभा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने मंगलवार 16 अगस्त को भाजपा के नोएडा सांसद महेश शर्मा से फोन पर बातचीत की। मांगेराम त्यागी ने फोन मिलाया तो सांसद के किसी कर्मचारी ने उठाया। मांगेराम ने अपना परिचय दिया तो उसने सांसद ने उनकी बात कराई। इस बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर जारी हुआ इसमें साफ नजर आ रहा है कि भाजपा सांसद श्रीकांत त्यागी प्रकरण में पूरी तरह से बैकफुट पर आ गये हैं। वह इस मामले में पकड़े गये छह युवकों की गिरफ्तारी को पूरी तरह से गलत ठहराते हुए यही सलाह दे रहे हैं कि उनके खिलाफ लड़ने के बजाये त्यागी समाज को सरकार के खिलाफल लड़ना चाहिए। इस बातचीत में मांगेराम त्यागी की ओर से इस बात पर कड़ा आक्रोश जताया गया है कि महेश शर्मा ने समाज को दरकिनार करते हुए मेरठ के सांसद राजेन्द्र अग्रवाल की बात का पानी दिया और उनके कहने पर वह सोसायटी में गये, पुलिस कमिश्नर और प्रमुख सचिव गृह अवनीश अवस्थी को सीधे फोन कर श्रीकांत त्यागी के आवास पर बुल्डोजर भिजवाया, निर्दोष पत्नी और बच्चों का उत्पीड़न कराया। गिरफ्तारी के बाद भी उसके घर पर पुलिस का पहरा लगा दिया गया। किसी को उसके परिवार से या परिवार के लोगों को उससे मिलने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रीकांत त्यागी ने महिला के साथ अभद्रता की, हम उसके साथ नहीं है, लेकिन उस महिला का चाल चलन भी ठीक नहीं है। भाजपा क्या श्रीकांत त्यागी की पत्नी को महिला नहीं मानती है। उसके साथ अन्याय क्यांे किया जा रहा है।

मांगेराम त्यागी ने फोन पर ही भाजपा सांसद के सामने यह मांग रखी कि जिस प्रकार उन्होंने श्रीकांत त्यागी के खिलाफ प्रमुख सचिव गृह अवनीश अवस्थी को फोन किया था, उसी प्रकार अब फिर से वह उनको फोन करें या सीएम योगी से बात करें, लेकिन श्रीकांत त्यागी के खिलाफ दर्ज मुकदमों में धाराओं को घटवाकर उसकी जल्द रिहाई का रास्ता बनाया जाये। श्रीकांत त्यागी कोई आतंकी नहीं है, जो उसने किया, उसकी उसको बहुत सजा मिल चुकी है। इससे ज्यादा कुछ हुआ तो भाजपा के खिलाफ त्यागी पूरी तरह से एकजुट होकर लड़ाई लड़ेगा और वेस्ट यूपी में भाजपा की एक सीट भी नहीं आने दिी जायेगी। मांगेराम त्यागी ने आक्रोशित होकर कहा कि त्यागी समाज ने भाजपा को ऐसे वोट दिया, जिस प्रकार मायावती के नाम पर दलित वोट करता रहा है, लेकिन भाजपा त्यागी समाज को भाजपा का चमार समझने की भूल न करे। उन्होंने कहा कि आज 16 तारीख है और आपको चार दिन का समय है, नहीं तो 21 अगस्त को नोएडा में बवाल होगा। उन्होंने कहा कि श्रीकांत त्यागी के घर से पुलिस का पहरा हटवाया जाये। वहां परिवार से लोगों को मिलने से रोकना गलत है। उन्होंने कहा कि त्यागी समाज का युवा 21 को नोएडा में मरने मारने का इरादा लेकर आ रहा है। साफ संदेश है कि इस बार भाजपा को इलाज कर दो।

मांगेराम त्यागी के द्वारा फोन पर जताये जा रहे रोष को लेकर भाजपा सांसद डेमेज कंट्रोल करते ही नजर आये। उन्होंने कहा कि वह समाज के साथ हैं और समाज के योगदान को नकार नहीं रहे हैं। सोसायटी में जाने पर उन पर दबाव बनाया गया था। इसलिए उन्होंने फोन किया। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि 6 बच्चों की गिरफ्तारी गलत हुई है। उनकी रिहाई के लिए मैं प्रयास लगातार कर रहा हूं। श्रीकांत त्यागी की रिहाई को लेकर शासन में बात करने से वह पहले तो हिचकिचाते रहे, लेकिन बाद में उन्होंने मांगेराम त्यागी को यह आश्वासन दिया कि वह श्रीकांत की रिहाई को लेकर भी शासन में बात करेंगे और प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि 6 बच्चों की रिहाई के लिए उनकी पुलिस कमिश्नर से बात हो रही है। उन्होंने यह भी अपील की कि इस लड़ाई को त्यागी-ब्राह्मण समाज की लड़ाई न बनाकर सरकार से लड़ाई लड़ी जाये। उन्होंने कहा कि वह समाज की मांग पर समाज के साथ हूं और इसलिए ही मैंने चिट्ठी भी जारी की थी। मैंने त्यागी समाज के प्रति एक भी गलत शब्द नहीं कहा है। मेरा मानना है कि सबसे पहले जो 6 बच्चे पकड़े गये हैं, वह छूटने चाहिए।

वहीं दूसरी ओर नोएडा के चर्चित श्रीकांत त्यागी प्रकरण में संयुक्त त्यागी स्वाभिमान मोर्चा ने मेरठ स्थित एक होटल में प्रेस वार्ता आयोजित की। इसमें बताया गया कि 21 अगस्त को त्यागी समाज नोएडा में बड़ा आंदोलन करेगा। त्यागी समाज के लोगों का कहना है कि श्रीकांत त्यागी पर 25 हजार का इनाम और गैंगस्टर लगाना ठीक नहीं है। इससे समाज में काफी रोष है।

गाजियाबाद के जिलाध्यक्ष सुरेश त्यागी ने कहा कि यह सब राजनीति साजिश लग रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से श्रीकांत त्यागी की पत्नी अनु त्यागी को थाने में बैठाकर पूछताछ की गई, वह नियम के खिलाफ है। उस महिला का भी अधिकार है। उसे छह बजे के बाद थाने में क्यों बैठाया गया।वहीं, मुजफ्फरनगर के जिलाध्यक्ष हरिओम त्यागी ने कहा कि जिस प्रकार पूरे प्रकरण में एक सांसद ने त्यागी समाज का अपमान किया, इसका जवाब मांगा जाएगा। इस आंदोलन में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न हिस्सों से त्यागी समाज के लोग शामिल होंगे।

इस मौके पर सुनील त्यागी, कपिल त्यागी, अवनीश त्यागी, अनुराग त्यागी, पराग त्यागी, नवीन त्यागी, हरिओम त्यागी, गगन त्यागी, ब्रजभूषण त्यागी आदि मौजूद रहे।

Next Story