गणंत्रत परेड में भारत की शक्ति देख रही दुनियाः सोमेन्द्र तोमर
पुलिस लाइन में धूमधाम से मना राष्ट्रीय पर्व, कोहरे को चीरकर कदमताल करते जवानों ने किया शौर्य प्रदर्शन, प्रभारी मंत्री ने ली परेड की सलामी, कहा-संविधान में मिले कर्तव्यों का निर्वहन करने में भूमिका निभाये समाज
मुजफ्फरनगर। 75वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्थानीय रिजर्व पुलिस लाइन में भव्य परेड समारोह का आयोजन किया गया। सवेरे शीतलहर और घने कोहरे के बीच पुलिस कर्मियों ने परेड में कदमताल के साथ शौर्य का अनूठा और जोशीला प्रदर्शन किया तो माहौल में राष्ट्रभक्ति की गरमाहट पैदा होती नजर आई। पुलिस के सभी विभागों की टोलियों के द्वारा अपने अपने कमांडर के नेतृत्व में शौर्य प्रदर्शन के साथ जोशीले अंदाज में किया गया उद्घोष सभी को प्रभावित कर गया।
यहां पर मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा राज्यमंत्री तथा प्रभारी मंत्री सोमेन्द्र तोमर ने जिला जज विनय कुमार द्विवेदी, एसएसपी अभिषेक सिंह और जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी के साथ ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात उन्होंने पुलिस परेड का निरीक्षण करते हुए परिचय प्राप्त किया तथा परेड की सलामी ली। प्रभारी मंत्री ने यहां पर सभी को शपथ भी ग्रहण कराई। परेड के दौरान महिला पुलिस दल, एसओजी दल, फायर ब्रिगेट, डायल-112, डाॅग स्क्वायड, विधि विज्ञान प्रयोगशाला दल और चीता मोबाइल दल का प्रदर्शन काफी सराहनीय रहा।
परेड कमान्डर ट्रेनी आईपीएस एएसपी विनायक गोपाल भोसले के नेतृत्व में फोर्स के शौर्य प्रदर्शन को सभी ने सराहा। इसके पश्चात विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। मुख्य अतिथि द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, तो बाद में एसएसपी अभिषेक सिंह ने समाज में रहकर सराहनीय कार्य करने वाले आम जनमानस, शिक्षकों और ग्राम प्रधानों को भी प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।
परेड समारोह को सम्बोधित करते हुए प्रभारी मंत्री सोमेन्द्र तोमर ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज पूरा देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास व्यक्त करने के साथ ही देश और धर्म की रक्षा के लिए उनका आभार जता रहा है। इस देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना घर और परिवार छोड़कर जो बलिदान दिया, उसी की देन है कि हम आज आजादी से जी रहे हैं। हमें सबसे सुन्दर संविधान मिला। आज संविधान के तहत ही जनता के द्वारा चुनी गई सरकार काम कर रही है। संविधान को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सार्थक किया है।
आज पूरी दुनिया गणतंत्र दिवस की परेड के रूप में भारत की ताकत को देख रही है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक और सामरिक दृष्टि से काफी मजबूत हुआ है। पीएम मोदी के संकल्प को 2047 तक हमें मिलकर पूरा करना है और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की तरफ आगे बढ़ना है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व उत्तर प्रदेश भी देश के अग्रणी राज्यों में आकर लगातार आगे बढ़ रहा है। संविधान में हमें पूरे अधिकार मिले हैं, इसमें अधिकार मिले हैं तो हमारे नागरिक दायित्व और कर्तव्यों के प्रति भी बताया गया है। हमें देश और समाज के उत्थान के लिए अपनी अपनी भूमिका निभाते हुए कर्तव्य निभायें।