सरकार बहुमत से चलती है, देश सर्वसम्मति से: पीएम मोदी

Update: 2021-02-11 10:09 GMT

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकार बहुमत के साथ चल सकती है, लेकिन देश सर्वसम्मति से चलता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जनसंघ के संस्थापकों में से एक रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय के 53वें पुण्यतिथि पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। मोदी ने कहा कि भारत की विदेश नीति के दबाव से मुक्त होकर राष्ट्र प्रथम की भावना से आगे बढ़ रही है। बीजेपी के सांसदों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हम राजनीति में सर्वसम्मति का सम्मान करते हैं। मैंने संसद में कहा था कि सरकार बहुमत के साथ चल सकती है, लेकिन देश सर्वसम्मति से चलता है। पीएम मोदी ने कहा कि हम सिर्फ सरकार चलाने नहीं आए हैं, देश को आगे ले जाने आए हैं। हम चुनाव में एक दूसरे के खिलाफ लड़ते हैं इसका यह मतलब नहीं कि हम एक दूसरे का सम्मान नहीं करते। आज जब देश में इतने सकारात्मक बदलाव हो रहे हैं तो सभी भारतीयों को गर्व और सीना चैड़ा होता है। हमें गर्व है कि हम अपने महापुरुषों के सपनों को पूरा कर रहे हैं। हमारी विचारधारा देशभक्ति से प्रेरित होती है और देशहित के लिए होती है। हमारी राजनीति में भी राष्ट्रनीति सर्वोपरि है। पीएम ने कहा कि कोरोना काल में देश ने अंत्योदय की भावना को सामने रखा और अंतिम पायदान पर खड़े हर गरीब की चिंता की। आत्मनिर्भरता की शक्ति से देश ने एकात्म मानव दर्शन को भी सिद्ध किया, पूरी दुनिया को दवाएं पहुंचाईं, और आज वैक्सीन पहुंचा रहा है।

Similar News