हृदयगति रूकने से भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का निधन
भारत जोडो यात्रा के दौरान जालंधर से कांग्रेस पार्टी के लोकसभा सांसद संतोख सिंह चौधरी का आज सुबह हृदयगति रूकने से दुखद निधन हो गया। श्री चौधरी के निधन के बाद यात्रा रोक दी गई।;
जालंधर। भारत जोडो यात्रा के दौरान जालंधर से कांग्रेस पार्टी के लोकसभा सांसद संतोख सिंह चौधरी का आज सुबह हृदयगति रूकने से दुखद निधन हो गया। श्री चौधरी के निधन के बाद यात्रा रोक दी गई। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी विधायक राणा गुरजीत सिंह और विजय इंदर सिंगला के साथ अस्पताल में सांसद के परिवार से मिलने गए हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्विटर पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। यात्रा फिल्लौर इलाके से गुजर रही थी, जब श्री सिंह को दिल का दौरा पड़ा। पता चला है कि वह श्री गांधी के साथ कुष्ठ आश्रम से निकले थे, तभी अचेत होकर गिर पड़े। उन्हें पास के फगवाड़ा के विर्क अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। श्री चौधरी के बेटे विक्रमजीत सिंह चौधरी फिल्लौर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। श्री संतोख सिंह ने दो बार लोकसभा चुनाव जीता था - पहली बार 2014 में और बाद में 2019 में।