भाजपा ने गोंडा के जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को किया बर्खास्त, महिला के साथ वायरल वीडियो बना वजह

Update: 2025-06-11 06:29 GMT

गोंडा। भारतीय जनता पार्टी ने गोंडा जिले के जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को पद से बर्खास्त कर दिया है। यह कार्रवाई उनके एक महिला के साथ वायरल वीडियो के बाद की गई है। वीडियो में अमर किशोर कश्यप पार्टी कार्यालय के अंदर महिला को गले लगाते और फिर सीढ़ियों से उसके साथ ऊपर जाते हुए नजर आ रहे हैं।

यह वीडियो करीब 18 दिन पहले वायरल हुआ था, जिसके बाद पार्टी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। अब भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने अमर किशोर को अनुशासनहीनता के चलते तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित करने का आदेश जारी कर दिया है।

जारी आदेश में कहा गया है कि अमर किशोर द्वारा भेजा गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया। उनके आचरण को "घोर अनुशासनहीनता" माना गया है, जो पार्टी की छवि को धूमिल करने वाला है। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर उन्हें तत्काल प्रभाव से पदमुक्त और निष्कासित किया गया है।


इससे पहले जारी नोटिस में भी कहा गया था कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से आपके आचरण की जानकारी मिली है, जिससे पार्टी की साख पर गंभीर असर पड़ा है। यह पार्टी के नियमों और आचरण संहिता का उल्लंघन है।

Similar News