undefined

दिल्ली व नोएडा में बाजार खुले रहेः एनएच 24 जाम

दिल्ली के साथ नोएडा के सेक्टर-18 में स्थित अट्टा मार्केट में दुकानें आम दिनों की तरह खुली रहीं। इनमें अच्छी खासी भीड़ भी नजर आई। सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने किसान आंदोलन के समर्थन में एक दिन का उपवास रखा है।

दिल्ली व नोएडा में बाजार खुले रहेः एनएच 24 जाम
X

नई दिल्ली। दिल्ली एनसीआर में भारत बंद का असर दिखाई नहीं दे रहा है। दिल्ली के साथ नोएडा के सेक्टर-18 में स्थित अट्टा मार्केट में दुकानें आम दिनों की तरह खुली रहीं। इनमें अच्छी खासी भीड़ भी नजर आई। सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने किसान आंदोलन के समर्थन में एक दिन का उपवास रखा है। हालांकि किसानों ने एनएच 24 को पूरी तरह बंद कर दिया।

दिल्ली-यूपी के गाजीपुर बाॅर्डर पर किसानों नए कृषि कानून के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। इस दौरान किसानों ने दिल्ली से गाजियाबाद की तरफ आने वाला रास्ता एनएच-24 को भी पूरा बंद कर दिया है। किसानों ने कहा कि उनके साथ पूरे देश के किसान हैं और वे अपनी मांगे माने तक अपना आंदोलन जारी रखेंगे। दिल्ली की आॅटो-टैक्सी यूनियन किसानों के भारत बंद से दूर है। यूनियन का कहना है कि आॅटो-टैक्सी वाले पहले ही कोरोना के कारण काफी नुकसान झेल रहे हैं। ऐसे में बंद में शामिल होना संभव नहीं है। दिल्ली आॅटो-टैक्सी यूनियन के जनरल सेक्रेट्री राजेंद्र सोनी ने कहा कि वे लोग किसानों की मांगों का समर्थन करते हैं लेकिन बंद का नहीं।

मुंबई में किसानों के समर्थन में सभी गुरुद्वारों के सदस्य आ गए हैं। मुंबई और नवी मुंबई के गुरुद्वारा सदस्यों ने मनखुर्द के नजदीक सियोन-पनवेल हाइवे को जाम कर दिया। दिलजीत दोसांझ समेत कई पंजाबी कलाकारों ने भी किसानों के भारत बंद का समर्थन किया है। दिलजीत ने ट्विटर पर आज भारत बंद है कैप्शन देते हुए यही संदेश वाला एक पोस्टर शेयर किया है। इसके अलावा सिंगर-ऐक्टर एमी विर्क और ऐक्टर नीरू बाजवा, गिप्पी ग्रेवाल ने भी भारत बंद को अपना सपाूर्ट दिया है।

असम में किसानों के भारत बंद का मिला-जुला असर दिखा। इस दौरान दुकानें बंद रहीं, कांग्रेस और वाम दलों के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर प्रदर्शन किया। कई प्रदर्शनकारियों ने रास्ता भी ब्लाॅक किया लेकिन बहुत से कार्यालय खुले भी रहे। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में दर्जनों प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रदेश में कांग्रेस, एआईयूडीएफ समेत 14 राजनीतिक दलों ने किसानों के बंद का समर्थन किया है।

हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर कृषिमंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से मिलने उनके आवास पर पहुंचे हैं। कांग्रेस नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कृषिकानूनों पर डिबेट के लिए संसद का सत्र बुलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कृषि कानून में सुधारों की जरूरत थी लेकिन ये जो तीन कानून बनाए गए हैं, इनमें सुधारों की छाया नहीं है। उन्हें संसद का सत्र बुलाना चाहिए और सही सुधारों पर चर्चा करनी चाहिए।

पुडुचेरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कृषि बिलों के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी भी मौजूद थे।

Next Story