जंग में रूस को भी भारी नुकसान पहुंचा

कीव। रूस यूक्रेन जंग के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा है कि तीन दिनों के युद्ध में उनके 137 हीरोज ने जान गंवाए हैं। इनमें 10 सैन्य अधिकारी हैं। यूक्रेन की सेना का दावा है कि उन्होंने 1000 से ज्यादा रूसी सैनिकों को मार गिराया है।
वहीं रूसी रक्षा मंत्रालय का दावा है कि उन्होंने यूक्रेन के 211 सैन्य ठिकानों को नष्ट कर दिया है। इधर यूक्रेन का दावा है कि उन्होंने रूस के कम से कम 80 टैंक, 516 बख्तरबंद गाड़ियां, 7 हेलिकॉप्टर, 10 एयरक्रॉफ्ट, और 20 क्रूज मिसाइलों को नष्ट कर दिया है।
इस बीच उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) ने रक्षात्मक उपाय के रूप में अपनी प्रतिक्रिया बल को सक्रिय कर दिया है। नाटो की इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है। नाटो प्रमुख जेन्स स्टोलटेनबर्ग ने शुक्रवार को कहा कि ब्लॉक ने रक्षा योजनाओं को सक्रिय कर दिया है। उन्होंने जमीन पर, समुद्र और हवा तीनों जगहों पर सैनिकों की तैनाती की बात कही है। नाटों ने हजारों की संख्या में सैनिकों को तैनात किया है। साथ ही 100 से अधिक जेट 30 स्थानों पर हाई अलर्ट पर हैं। स्टोलटेनबर्ग ने कहा कि गलत अनुमान या गलतफहमी के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। हम हर सहयोगी और नाटो क्षेत्र के हर इंच की रक्षा और बचाव के लिए जो कर सकते हैं वह करेंगे। यूक्रेन नाटो का सदस्य नहीं है।