undefined

हापुड़ में अवैध मावा फैक्ट्री का बायलर फटा, मचा कोहराम, हादसे पर अधिकारी खामोश

जनपद हापुड़ में फिरोजपुर थाना क्षेत्र के गांव बडौदा सिहानी में विनीत शर्मा ने अपने मकान में ही मावा निर्माण की फैक्ट्री लगा रखी है, जबकि इसके आसपास घनी बस्ती है। ग्रामीणों के अनुसार यह फैक्ट्री पूरी तरह से अवैध है और इसका लाइसेंस भी विनीत शर्मा के पास नहीं है।

हापुड़ में अवैध मावा फैक्ट्री का बायलर फटा, मचा कोहराम, हादसे पर अधिकारी खामोश
X

हापुड़। जिला प्रशासन और पुलिस अफसरों की नाक के नीचे ही चल रही अवैध मावा फैक्ट्री आज कई लोगों के जीवन के लिए संकट बन गयी। फैक्ट्री का बायलर फटने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे के बाद क्षेत्र में कोहराम मच गया, तो जिला प्रशासन के अधिकारी अवैध कारोबार को खुली छूट देने के सवाल पर खामोश हो गये। इस हादसे में दर्जनों लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कई लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। इनमें कई बच्चे भी शामिल है। यह विस्फोट इतना भयावह था कि आसपास के कई मकान क्षतिग्रस्त हो गये। जबकि फैक्ट्री का बायलर हवा में उड़कर 200 मीटर दूर कई मकानों पर जा गिरा। पूरे गांव में अफरातफरी का आलम बन गया था।


सूत्रों के अनुसार जनपद हापुड़ में फिरोजपुर थाना क्षेत्र के गांव बडौदा सिहानी में विनीत शर्मा ने अपने मकान में ही मावा निर्माण की फैक्ट्री लगा रखी है, जबकि इसके आसपास घनी बस्ती है। ग्रामीणों के अनुसार यह फैक्ट्री पूरी तरह से अवैध है और इसका लाइसेंस भी विनीत शर्मा के पास नहीं है। कई बार लोगों ने इस फैक्ट्री को लेकर जिला प्रशासन को भी शिकायत की थी। क्षेत्र के पुलिस कर्मी भी इस फैक्ट्री के बारे में जानते थे, लेकिन इस पर कोई कार्यवाही नहीं की गयी और आज यह फैक्ट्री बड़े हादसे का कारण बनी। रविवार को सुबह ही गांव बडौदा सिहाीन एक तेज विस्फोट की आवाज से दहल उठा।

इस आवाज के साथ ही गांव में कोहराम मच गया। विनीत शर्मा की फैक्ट्री में लगा स्टीम बायलर एक तेज धमाके के साथ फट गया। यहां पर काम कर रहे डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोग इस हादसे में झुलसकर घायल हो गये। जबकि धमाके के साथ बायलर हवा में उड़कर करीब 200 मीटर दूर इमरान और हाशिम के मकान पर जा गिरा, जिससे उनका मकान का काफी हिस्सा गिर गया।


वहीं धमाके की आवाज के कारण इस अवैध फैक्ट्री के आसपास के कई मकान भी क्षतिग्रस्त हो गये। जिसके कारण कई बच्चों को भी चोट आयी है। हादसे की सूचना मिलने पर सीओ तेजवीर सिंह और थाना प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने हादसे में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया। इनमें कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

एसडीएम अरविन्द द्विवेदी ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री के संचालन के संबंध में जांच के आदेश दे दिये गये हैं। लाइसेंस था या नहीं इसके लिए जांच के बाद ही कुछ कहा जायेगा। फिलहाल घायलों का उपचार कराया जा रहा है। गांव में भारी पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।

Next Story