undefined

टाउन हाल मे पहली बार सत्ता का चेयरमैन

नगरपालिका अध्यक्ष पद पर मीनाक्षी के शपथ ग्रहण समारोह में दिखाई दिया जनता का उत्साह

टाउन हाल मे पहली बार सत्ता का चेयरमैन
X

मुजफ्फरनगर। 80 के दशक के बाद आज यह पहला अवसर रहा जबकि शहर की छोटी सरकार के सदन टाउनहाल में सत्ता का चेयरमैन कुर्सी पर काबिज हुआ। नगरपालिका परिषद् मुजफ्फरनगर की नव निर्वाचित चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने आज भव्य समारोह के बीच शपथ ग्रहण के बाद कुर्सी संभाल ली है। उन्होंने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और एक बड़ा जनादेश हासिल कर शहर की सत्ता संभाली। मीनाक्षी स्वरूप को उनके पति उद्यमी एवं भाजपा नेता गौरव स्वरूप ने दो प्रमुख नारों या वादों के साथ जनता के बीच उतारा और चुनाव लड़ाया। इनमें एक तो पालिका को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए काम करने और बिना भेदभाव के विकास कराने। मीनाक्षी ने भी जनता से पालिका में उनको जिताकर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने के लिए वोट मांगी और जनता ने उनकी झोली भरकर वोट दिये।



पालिका में ट्रिपल इंजन की सरकार का वजूद और उत्साह आज उनके शपथ ग्रहण समारोह में दिखाई दिया तो आम जनता को भी एक आशा जगी कि चलो अब आगे शहर के विकास के लिए अच्छा और अच्छा ही होगा, क्योंकि मीनाक्षी के पास तीन सरकारों का साथ और समर्थन बना है। मीनाक्षी की जीत के साथ यूं तो कई संयोग जुड़े हैं, उनमें एक यह भी है कि टाउनहाल में अस्सी के दशक के बाद पहली बार सत्ता का चेयरमैन निर्वाचित हुआ है। टाउनहाल का मैदान शुक्रवार को भगवा रंग में रंगा नजर आ रहा था। अवसर था नगरपालिका अध्यक्ष और निर्वाचित बोर्ड सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह का। यहां अध्यक्ष पद पर भाजपा से मीनाक्षी स्वरूप पत्नी गौरव स्वरूप निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा प्रत्याशी लवली शर्मा पत्नी राकेश शर्मा को करीब 11770 मतों के अंतर से पराजित कर यह जीत हासिल की और भाजपा को उसकी खोई सीट वापस दिलाई है। दस साल बाद टाउनहाल में भगवा लहराता नजर आया। आज शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केन्द्रीय राज्यमंत्री एवं स्थानीय सांसद डॉ. संजीव बालियान और राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल मौजूद रहे। नगर मजिस्ट्रेट विकास कश्यप ने करीब 12:20 बजे चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप को सत्यनिष्ठा एवं पद की शपथ ग्रहण कराई। इसके पश्चात चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने अपने बोर्ड में निर्वाचित 55 सदस्यों को पांच चरणों में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण कराकर चार्ज कराया। एक चरण में 11-11 सदस्यों को शपथ ग्रहण कराई गयी। यह शपथ ग्रहण समारोह कई मायनों में यादगार रहा। पहली बार सत्ता का जोश और उल्लास भी यहां पर नजर आया और मीनाक्षी के साथ जो मंच सजा, उसको देखकर आम जनता में यह भावना भी जागृत हुई कि शहर के विकास को यकीनन अब रफ्तार मिलेगी। बात सत्ता की करें तो मीनाक्षी स्वरूप टाउनहाल में सत्ता की पहली चेयरमैन हैं, इसके साथ ही वो मुजफ्फरनगर की दूसरी महिला चेयरपर्सन हैं। पालिका में अभी तक सत्ता से कोई चेयरमैन नहीं रहा है। साल 1988 में नगरपालिका परिषद् के लक्ष्मी चंद सिंघल पहले चेयरमैन निर्वाचित हुए। इससे पहले टाउनहाल की पहचान सिटी बोर्ड के रूप में होती थी। उनके बाद से नगरपालिका अध्यक्ष पद की कुर्सी पर जो भी निर्वाचित चेयरमैन हुआ, वो सत्ता की विपरीत लहर वाला ही रहा।




भाजपा के तीनों चेयरमैन जगदीश भाटिया, सुभाष चंद शर्मा और कपिल देव गैर सत्ता में रहे तो पंकज अग्रवाल और अंजू अग्रवाल कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीते, यह अलग बात रही कि अंजू अग्रवाल बाद में भाजपा में शामिल हो गई थी, लेकिन शायद भाजपा ने उनको कभी भाजपाई माना ही नहीं, वरना भाजपा की सत्ता में ही भाजपा की चेयरपर्सन होते हुए उनके अधिकार सीज नहीं हो पाते। अब वक्त बदला है, तो पहली बार टाउनहाल में पालिका अध्यक्ष पद की कुर्सी पर सत्ता की चेयरमैन के रूप में मीनाक्षी स्वरूप काबिज हुई हैं। उनके शपथ ग्रहण समारोह में ट्रिपल इंजन की सरकार के दर्शन भी हुए। शपथ ग्रहण होने के उपरांत मीनाक्षी स्वरूप अपने कार्यालय में पहुंची और यहां पर दोनों मंत्रियों व भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पालिका के ईओ हेमराज सिंह ने उनको चार्ज ग्रहण कराया। बाद में पालिका के मीटिंग हॉल में मीनाक्षी स्वरूप ने सभी निर्वाचित सदस्यों से परिचय बैठक की और शहर के विकास में सहयोग मांगा।



शपथ ग्रहण समारोह की अध्यक्षता पूर्व चेयरमैन डॉ. सुभाष चंद शर्मा ने की। पहले इसके लिए केन्द्रीय राज्यमंत्री का नाम घोषित किया गया था, लेकिन उन्होंने डॉ. सुभाष के नाम का प्रस्ताव रखा। इस दौरान मुख्य रूप से केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान, राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल के अलावा एमएलसी वन्दना वर्मा, भाकियू मुखिया चौ. नरेश टिकैत, पूर्व सांसद भारतेन्दु सिंह, पूर्व विधायक सोमांश प्रकाश, प्रमोद उटवाल, उमेश मलिक, सुशीला अग्रवाल, प्रदीप बालियान, अशोक कंसल, मिथलेश पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, गौरव स्वरूप, पूर्व चेयरमैन अंजू अग्रवाल, उद्यमी राकेश बिन्दल, सतीश गोयल, भीम सैन कंसल, दिनेश मोहन एडवोकेट, राहुल गोयल, अनिल ऐरन, यशपाल पंवार, संजय मित्तल, कृष्णगोपाल मित्तल, तरूण मित्तल, श्रीमोहन तायल, सौरभ स्वरूप बंटी, विकास स्वरूप बब्बल, दीपक बंसल, करण स्वरूप, कार्तिक स्वरूप, विपुल भटनागर, विकास गुप्ता, शलभ गुप्ता, सचिन त्यागी, विपुल बहेडी, सुनील सिंघल, दिनेश बंसल, आकाश कुमार, अजय स्वरूप बंसल, पूर्व सभासद विकल्प जैन, शंकर स्वरूप बंसल, प्रदीप गुप्ता, विवेक गर्ग, विनय राणा, देवेश शर्मा, अनुज स्वरूप बंसल सहित हजारों लोग मौजूद रहे।




Next Story