महिला प्रधान के घर आधी रात के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग
आधा दर्जन बदमाशों ने किया हमला, कार में भी तोड़फोड़, तड़ातड़ चली गोलियों से सिकंदरपुर गांव में दहशत; उसी दिन जान का खतरा बताकर प्रधान ने मांगी थी पुलिस सुरक्षा, घर पर सुरक्षा को मिले थे दो सिपाही; सिपाहियों के सामने ही बदमाशों ने की बेखौफ वारदात, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हमलावर, एसपी देहात ने गठित की तीन टीम

मुजफ्फरनगर। पुलिस सुरक्षा में दो सिपाही घर पर मौजूद रहने के बीच कुछ बेखौफ बदमाशों ने गांव सिकंदरपुर की प्रधान के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी है। ये बदमाश रात में महिला प्रधान के घर पर पहुंचे थे और अचानक ही फायरिंग करने लगी। गालियों के कारण मकान की खिड़कियों के शीशे भी टूट गये, वहीं बदमाशों ने कार और घर में तोड़फोड़ करते हुए चेतावनी भी दी और फरार हो गये। घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, इसमें कुछ हमलावरों की पहचान पीड़ित परिवार ने की है। फायरिग के दौरान महिला प्रधान और उसके परिवार के लोगों ने छिपकर अपनी जान बचाई। सूचना मिले पर पुलिस में हड़कम्प मच गया और सीओ ने मौके पर जाकर मुआयना करने के साथ मामले की जानकारी ली तथा सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ली है। पुलिस द्वारा यह मामला रंजिशन माना जा रहा है। इसके लिए तीन टीमों का गठन कर गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिये गये हैं।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर निवासी मेनपाल सिंह पूर्व में गांव के प्रधान निर्वाचित हुए थे, जबकी वर्तमान में उनकी पुत्रवधू गांव की प्रधान है। आरोप है कि गुरुवार की रात लगभग 2.00 के करीब छह अज्ञात बदमाश महिला प्रधान के घर के बाहर आए और उन्होंने प्रधान के मकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। तड़ातड़ गोलियां चलीं तो महिला प्रधान और उसका पूरा परिवार फायरिंग की आवाज से सहम गया। आसपास के लोगों की भी नींद उचट गई थी, लेकिन ताबड़तोड़ गोलियां चलने के कारण किसी ने बाहर आने का साहस नहीं दिखाया।
पूर्व प्रधान मैनपाल ने बताया किय आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने उनके घर पर फायरिंग की। जैसे ही गोलियां की आवाज पर उन्होंने खिड़की से बाहर झांक कर देखा तो उन पर भी फायर किया गया, वह बाल-बाल बच गए। ताबड़तोड़ फायरिंग होती देख प्रधान व उनके परिवार के सदस्य घर में छिप गए और अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि फायरिंग के समय प्रधान के घर में सुरक्षा के लिए दो सिपाही भी तैनात थे। फायरिंग के कारण प्रधान के घर की खिड़कियों के शीशे भी टूट गये और बदमाशों ने उनकी ब्रेजा कार संख्या यूपी 12बीएल 8210 में भी तोड़फोड़ की तथा चेतावनी देते हुए भाग गये।
वहीं प्रधान के घर पर हमला और फायरिंग होने की सूचना से पुलिस में हड़कम्प मच गया। सीओ भोपा राम आशीष यादव भी मय फोर्स मौके पर पहुंचे। साथ ही भोपा थाना प्रभारी पहले ही पहुंच गये थे। बताया गया है कि पुलिस ने मौके से 35 खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घटना को लेकर पुलिस ने आसपास भी पूछताछ की।
ग्रामीणों ने बताया कि रात्रि में जब फायरिंग हुई तो ऐसा लग रहा था जैसे आतिशबाजी हो रही हो। सीओ रामाशीष यादव ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। गुरुवार को ही पूर्व प्रधान ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी। जिसके बाद उनकी सुरक्षा के लिए दो सिपाही मकान पर तैनात भी किए थे, लेकिन इन सिपाहियों की मौजूदगी में ही मकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
सूत्रों के अनुसार इस हमले में मुख्य तौर पर गोलू नामक युवक का नाम सामने आया है। उसकी तस्वीर भी पुलिस को दी गयी है। पुलिस इसको लेकर भी जांच में जुट गयी है। एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि कल देर रात में सिकंदरपुर गांव में महिला प्रधान के घर पर फायरिंग की घटना घटित हुई है। टीमों को गठित करते हुए विस्तृत जांच शुरू करा दी गयी है। तीन टीमों को लगाया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिये गये हैं। आरोपियों पर कठोर कार्यवाही की जायेगी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह हमला रंजिशन किया गया है। मामले में प्रधान पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर दी गयी है।