मोदी-योगी की उपलब्धियां बताने घर-घर पहुंचे मंत्री कपिल देव
शहर के कई काॅलेजों में जागर संपर्क से समर्थन अभियान के अन्तर्गत किया संवाद, जीआईसी में किया वृक्षारोपण, पर्यावरण बचाने का दिया संदेश

मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के केन्द्र सरकार में नौ साल का कार्यकाल पूर्ण होने पर भाजपा द्वारा चलाये जा रहे सम्पर्क से समर्थन अभियान के अन्तर्गत मंगलवार को प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने शहर के कई काॅलेजों में पहुंचकर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से संवाद किया और उनको मोदी योगी की सरकारों की उपलब्धियों के बारे में बताया। इसके साथ ही उन्होंने शहर में डोर टू डोर जाकर लोगों से संवाद किया, तो वहीं आगामी 22 जुलाई को होने वाले वृहद वृक्षारोपण अभियान के प्रति जनजागरण के लिए जीआईसी में वृक्षारोपण किया।
प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभारी कपिल देव अग्रवाल ने मंगलवार को भाजपा के द्वारा चलाये जा रहे महासंपर्क अभियान को गति प्रदान करने के लिए अनेक कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर शहर के केशव मंडल में मेरा बूथ सबसे मजबूत के अन्तर्गत डोर टू डोर जनसंपर्क कर केंद्र सरकार की 9 वर्ष की उपलब्धि के पत्रक वितरित करते हुए लोगों से संवाद किया और उनसे मिस्ड काॅल कराकर समर्थन जुटाया गया।
इसके साथ ही मंत्री कपिल देव अग्रवाल रुड़की रोड स्थित वरिष्ठ उद्यमी कृष्णगोपाल अग्रवाल व अवधेश अग्रवाल के के साथ ही जिला सहकारी बैंक के पूर्व सभासपति एवं वरिष्ठ उद्यमी कुंज बिहारी अग्रवाल के आवास पर जाकर सम्पर्क से समर्थन अभियान में उनके साथ संवाद कर पत्रक वितरित करते हुए सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शहर के आर्य समाज रोड पर स्थित डीएवी पीजी काॅलेज में सम्पर्क से समर्थन अभियान में शिक्षकों को सम्बोधित किया। यहां काॅलेज के प्रबंधक डाॅ. एम के बंसल, प्रधानाचार्य सतीश शर्मा ने उनका स्वागत किया। यहां से वो डीएवी इंटर काॅलेज गये और प्रधानाचार्य के साथ ही अन्य शिक्षक, शिक्षिकाओं व स्टाफ के साथ सम्पर्क और संवाद कर मिस्ड काॅल लगवाकर सरकार की 9 वर्ष की उपलब्धियाँ उनके साथ साझा की एवं 2024 के आगामी चुनाव में पीएम मोदी के समर्थन की अपील की। मंत्री कपिल देव ने राजकीय इंटर काॅलेज में जिले के इण्टर काॅलेज के प्रधानाचार्यों के साथ भी मीटिंग की और उनको नौ वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां बताई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा 22 जुलाई को चलाये जा रहे प्रदेश स्तरीय वृहद वृक्षारोपण अभियान की जानकारी देते हुए इसको सफल बनाने का आह्नान भी किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेश में पर्यावरण एवं हरे-भरे क्षेत्र के विकास लिए 35 करोड़ वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके प्रति हम सभी को अपना योगदान करना है। इस अवसर पर उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि नौ साल पूर्व की बात करें तो विश्व स्तर पर भारत की स्थिति खराब थी, रोजमर्रा दंगे होते थे। विदेशों में जाकर असहाय होकर प्रधानमंत्री रोना रोते थे। पाकिस्तान पोषित आतंकवाद के खिलाफ कोई कार्यवाही करने की नीति नहीं थी। हमारे जवान रोज शहीद हो रहे थे। यूपी में गुंडागर्दी चरम पर थी। बहन बेटियां और व्यापारी कोई सुरक्षित नहीं था, लेकिन इन विपरीत परिस्थितियों में जनता ने भाजपा को चुना और आज जनता सुरक्षित है, गरीबों का कल्याण हो रहा है। देश में 2014 में सत्ता परिवर्तन हुआ तो देश में इस परिवर्तन को अपने घर आंगन बस्ती और शहर तक महसूस किया है। यूपी में आज गुंडाराज खत्म हो रहा है। दुनिया में भारत का मान बढ़ाने काम पीएम मोदी ने किया है। उन्होंने कहा कि वो आज शहर के कई क्षेत्रों में घूमे लोगों से मिले और बातचीत भी की। क्षेत्र भर में लोग बता रहे हैं कि किस प्रकार उन्हें मोदी सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। यही कारण है कि आज जनता का अटूट विश्वास ‘भाजपा’ यानी विकास के साथ जुड़ रहा है। जीआईसी की सभा में जिले के 125 प्रधानाचार्यों ने प्रतिभाग किया। मीटिंग के बाद उन्होंने प्रधानाचार्यों के साथ मिलकर राजकीय इंटर काॅलेज परिसर में वृक्षारोपण किया।