undefined

बुढाना से राजपाल बालियान होगे गठबंधन प्रत्याशी

सपा रालोद गठबंधन ने दूसरी सूची में जारी किये प्रत्याशियों के नाम, मीरापुर सीट पर भी कैराना फार्मूला आजमाया, नल के निशान पर लडेंगे चंदन

बुढाना से राजपाल बालियान होगे गठबंधन प्रत्याशी
X

मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के गठबंधन में प्रथम चरण के चुनाव के लिए प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी गई है। मुजफ्फरनगर और शामली जनपदों की सीटों के साथ ही सपा रालोद गठबंधन की ओर से इस दूसरी सूची में सात सीटों के प्रत्याशियों को टिकट दिया गया है। इनमें मुजफ्फरनगर जनपद की बुढ़ाना सीट पर जयंत चौधरी अपनी जीत हासिल कर पाये और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पूर्व विधायक राजपाल बालियान को टिकट दिया गया है। अब इस सीट पर जाट समाज में ही गठवाला बनाम बालियान खाप के बीच मुकाबाल तय हो चुका है, जिसकी प्रबल संभावना बनी हुई थी। इसके साथ ही मीरापुर सीट पर प्रत्याशी वही रखा गया है, लेकिन सिंबल बदल दिया गया है। यहां पर सपा नेता चंदन सिंह चौहान को कैराना फार्मूले के तहत हैण्डपम्प (नल) के निशान पर चुनाव लडाया जायेगा। मुजफ्फरनगर सदर सीट पर अभी असमंजस बरकरार है। माना जा रहा है कि यह सीट भी रालोद के कोटे में जायेगी और यहां पर पायल चुनावी कदमताल करती दिखाई दे सकती हैं।

मुजफ्फरनगर जनपद की 6 विधानसभा सीटों में से पांच सीटों पर सपा और रालोद गठबंधन ने अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया गया है। इन पांच सीटों में चार सीटों पर सपा नेताओं को ही टिकट दिया गया है। हालांकि पांच प्रत्याशियों में केवल एक प्रत्याशी ही सपा के निशान साइकिल पर चुनाव लड़ेगा। बाकी चार सीटों पर सपा नेता रालोद के निशान नल पर ही चुनाव मैदान में उतरेंगे। सपा रालोद गठबंधन के इस फार्मूले से दोनों पार्टियों के नेताओं में हलचल बनी है। बता दें कि पूर्व में सपा रालोद गठबंधन के अन्तर्गत चरथावल से पूर्व विधायक पंकज मलिक को सपा प्रत्याशी घोषित किया गया। इसके साथ ही इस पहली सूची में सपा नेता पूर्व विधायक अनिल कुमार को पुरकाजी सुरक्षित, खतौली से पूर्व सांसद राजपाल सैनी को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया था।

इसके साथ ही मीरापुर सीट से चंदन सिंह चौहान को सपा का सिंबल मिलने की चर्चाओं ने जोर पकड़ा तो उनको प्रत्याशी माना गया। मुजफ्फरनगर सदर और बुढ़ाना से गठबंधन प्रत्याशियों के नाम नहीं आने पर लोगों में उत्सुकता बनी रही। हालांकि पूर्व विधायक राजपाल बालियान के प्रत्याशी होने की बयार तेजी से बहने लगी और नेताओं को भी हाईकमान से निर्देश प्राप्त हो चुके थे। लेकिन मुजफ्फरनगर सीट पर गठबंधन का असमंजस कायम रहा।

अब शाम के समय सपा रालोद हाईकमान की ओर से सात सीटों पर गठबंधन प्रत्याशी घोषित किये गये हैं। इनमें मुजफ्फरनगर की बुढ़ाना सीट पर पूर्व विधायक राजपाल बालियान पर भरोसा जताया गया है। यहां पर भाजपा ने अपने विधायक उमेश मलिक और बसपा ने मौहम्मद अनीस को टिकट दिया है। जबकि मीरापुर सीट से भी चंदन चौहान के नाम की अधिकृत घोषणा कर दी गयी है, लेकिन चंदन को साइकिल का सिंबल नहीं दिया गया है।

वह रालोद के चुनाव निशान नल पर ही चुनाव लड़ेगे। सदर सीट पर पत्ते नहीं खोले गये हैं। माना जा रहा है कि यहां से सपा कोटे से गौरव स्वरूप और रालोद कोटे से पायल शर्मा माहेश्वरी के नामों पर शीर्ष नेतृत्व के बीच गहन मंथन चल रहा है। यहां पर रालोद कोटे से प्रत्याशी आने की प्रबल संभावना बनी हैं और रविवार तक यहां पर प्रत्याशी का ऐलान हो सकता है। टिकट का ऐलान होते ही राजपाल बालियान ने समर्थकों के साथ सिसौली कूच की तैयारी भी कर ली है।

Next Story