undefined

लड़की की विदाई के बाद खाना बंटने पर भिड़ गये रिश्तेदार, कई घायल

सिविल लाइन थाना क्षेत्र की सैफी कालोनी में हुआ जमकर संघर्ष, पथराव के कारण कई के सिर फूटे, पुलिस ने कराया भर्ती

लड़की की विदाई के बाद खाना बंटने पर भिड़ गये रिश्तेदार, कई घायल
X

मुजफ्फरनगर। शादी के बाद बचा हुआ खाना रिश्तेदारों को बांटने के लिए लड़की पक्ष के घर में विवाद हो गया। रिश्तेदारों में खाना बंटाई को लेकर कहासुनी इतनी बढ़ी की लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चल गये। इसके बाद शादी का माहौल चीख पुकार और मातम में बदल गया। कई लोग लहुलुहान हो गये और पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय में भिजवाया। अभी तक शादी में दुल्हन चोरी कर फरार होने, दहेज की मांग को लेकर बारात नहीं लाने और विदाई के बाद ससुराल पहुंचते ही दुल्हन की मौत की खबरें तो कई दिनों से मीडिया की सुर्खियां बनी हुई हैं, लेकिन आज जो खबर सामने आई, उसने सभी को चौंका दिया है। दरअसल, एक लड़की की शादी में लड़की पक्ष ने अपने रिश्तेदारों और परिचितों को बुलाया था।

शादी में सभी मेहमानों ने खाना खाया और लड़की को हंसी खुशी विदा भी कर दिया, लेकिन इसके बाद शादी से बचा खाना बंटने को लेकर सिर फुटव्वल हो गये। पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना सिविल लाइन क्षेत्र के कच्ची सड़क के पास सैफी कालोनी में रहमान के घर उनकी बेटी की शादी का माहौल बना हुआ था। शादी में सभी रिश्तेदार और परिचित भी आई थे। शादी भी सही सलामत हो गई और रहमान ने अपने रिश्तेदारों के साथ बेटी को उसकी ससुराल के लिए विदा कर दिया। इसके बाद रहमान के परिजन शादी में बचा हुआ खाना समेटने लगे थे। रिश्तेदारों को भी खाना बांटने का काम शुरू कर दिया गया था। शादी के हंसी खुशी के माहौल के बीच खाना बंटाई पर ही रिश्तेदारों में आपसी कहासुनी होने लगी। यह मामूली सा विवाद इतना बढ़ा कि खूनी संघर्ष हो गया। रिश्तेदारों में खाना बंटाई की मामूली से बात पर लाठी डंडों के साथ ही ईंट और पत्थर भी चल गये। इसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये। पथराव के कारण कई लोगों के सिर भी फूट गये। इनमें कई महिलाएं भी शामिल हैं। ये लोग लहुलुहान हालत में अस्पताल पहुंचे। इसी बीच पुलिस को सूचना दे दी गई। पुलिस ने भी कई घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उपचार दिलाया गया। कुछ घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी। इनमें से कुछ घायलों को गम्भीर हालत में मेरठ रैफर किया गया है। सिविल लाइन थाना प्रभारी ओमप्रकाश सिंह का कहना है कि मामले में कार्यवाही की जा रही है।

Next Story