undefined

स्नातक सीट पर धीमा, शिक्षक सीट पर तेज मतदानः केंद्रीय राज्यमंत्री डाॅ संजीव बालियान ने बघरा में डाला वोट

दोपहर दो बजे तक स्नातक सीट पर 29.30 और शिक्षक सीट पर 43.08 प्रतिशत मतदान हुआ। इससे साफ है कि स्नातक सीट पर वोटिंग की गति धीमी रही।

स्नातक सीट पर धीमा, शिक्षक सीट पर तेज मतदानः केंद्रीय राज्यमंत्री डाॅ संजीव बालियान ने बघरा में डाला वोट
X

मुजफ्फरनगर। शिक्षक व स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर मतदाताओं में उत्साह नजर आया। मतदाताओं ने बूथों तक पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कहीं बूथों पर मतदाताओं की लाइन लगी रही तो कहीं मतदान प्रक्रिया धीमी गति से चली। कोरोना संक्रमण से बचाव के उपायों के बीच मतदान के लिए शहर के केंद्रों पर खासा उत्साह देखने को मिला। केंद्रीय राज्यमंत्री डाॅ संजीव बालियान और उनकी पत्नी डाॅ. सुनीता बालियान ने बघरा ब्लाॅक मे मतदान किया। वहीं प्रदेश के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल मालवीय काॅलेज में वोट देने पहुंचे। दोपहर दो बजे तक स्नातक सीट पर 29.30 और शिक्षक सीट पर 43.08 प्रतिशत मतदान हुआ। इससे साफ है कि स्नातक सीट पर वोटिंग की गति धीमी रही।

मेरठ-सहारनपुर शिक्षक और स्नातक सीट के चुनाव के लिए जिले में बनाए गए 13 मतदान केंद्रों पर सुबह शांति पूर्वक मतदान शुरू हुआ। आज तमाम नेताओं ने भी वोट डाला। केंद्रीय राज्यमंत्री डाॅ संजीव बालियान और उनकी पत्नी डाॅ. सुनीता बालियान ने बघरा ब्लाॅक मे बनाए गए मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। महामना मदन मोहन मालवीय इंटर काॅलेज पर प्रदेश के कौशल विकास राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल व पूर्व विधायक डाॅ सुरेश संगल ने अपना वोट डाला। पूरी व्यवस्था पर डीएम सेल्वा कुमारी जे और एसएसपी अभिषेक यादव नजर बनाए रहे। एडीएम प्रशासन अमित कुमार व सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार सिंह ने भी नगर में व्यवस्था संभाली। तमाम स्थानों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए बनाए गए बूथों पर पार्टी के बडे नेता मौजूद रहे। भाजपा के जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला व पूर्व चेयरमैन डाॅ सुभाष शर्मा समेत तमाम पदाधिकारी सक्रिय नजर आए। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हरेंद्र त्यागी व मौ तारिक आदि भी बूथों पर दिखे। सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी व गौरव स्वरूप आदि ने भी बूथों का भ्रमण किया।

जनपद में विधान परिषद चुनाव के लिए 56 बूथ पर आज सुबह वोट डालने का काम शांति पूर्ण ढंग से शुरू हुआ, लेकिन स्नातक सीट पर वोटिंग धीमी रही। तमाम केंद्रों के पास विभिन्न प्रत्याशियों के बस्तों पर भीड जुटी रही। भाजपा, सपा और कांग्रेस के नेता भी वहां मौजूद रहे। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम है। सुबह से ही वोटिंग के लिए मतदाता मतदान केंद्र पहुंचने लगे। मालवीय काॅलेज में जनपद का सबसे बड़ा मतदान स्थल है, जहां 11000 मतदाता हैं। आज मतदान के दौरान शहर के अलावा खतौली, जानसठ, बुढाना और मीरांपुर, बघरा, पुरकाजी, चरथावल व मोरना समेत तमाम स्थानों पर बनाए गए मतदान केंद्रों पर मतदाता पहुंचे। जानसठ में उपजिलाधिकारी जानसठ अजय कुमार अम्बष्ट, तहसीलदार जानसठ अभयराज पाण्डे, क्षेत्राधिकारी भोपा सोमेन्द्र नेगी ने मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। भोपा में थानाध्यक्ष भोपा सूबे सिंह यादव, थानाध्यक्ष ककरौली मुकेश सोलंकी मोरना मतदान केन्द्र पर तैनात रहे। चरथावल विकासखंड में बनाए गए एमएलसी मतदान केंद्र का सीओ सदर कुलदीप कुमार ने औचक निरीक्षण किया इस दौरान उन्होंने वहां समस्त पुलिस कर्मियों आवश्यक दिशा-निर्देश निर्देश दिए साथ ही साथ एसडीएम सदर दीपक कुमार ने भी मतदान केंद्र का निरीक्षण किया।

खतौली में भाजपा के प्रभारी बिजेंद्र पाल के साथ पूर्व विधायक अशोक कंसल तथा व्यापारी नेता राहुल गोयल व विजय वर्मा ने व्यवस्था का जायजा लिया।

Next Story