undefined

मुजफ्फरनगर के व्यापारियों ने ईओ को दिखाया विकास का आईना!

मुजफ्फरनगर के व्यापारियों ने ईओ को दिखाया विकास का आईना!
X

मुजफ्फरनगर। शहर में मूसलाधार बारिश ने कई समस्या खड़ी कर दी है। सड़कों की दुर्दशा है, तो नालों की सफाई नहीं होने के कारण लोग जल निकासी को लेकर परेशान है। आज नगरपालिका परिषद् के अधिशासी अधिकारी को बुलाकर व्यापारियों ने उनको शहर में नाला सफाई और विकास कार्य का आईना दिखाने का काम किया। ईओ ने भी बारिश के बाद उत्पन्न समस्याओं को अपनी आंखों से देखा और लोगों की परेशानी को महसूस भी किया।

गुरूवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मित्तल के नेतृत्व में व्यापारियों व स्थानीय नागरिकों ने विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए रोष प्रकट किया। व्यापारियों की मांग पर नगरपालिका परिषद् के अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मणि त्रिपाठी उनके बीच पहुंचे। व्यापारियों ने ईओ विनय त्रिपाठी को नगर पालिका की गर्बी स्कूल के पास स्थित मार्केट की दुकानों का निरीक्षण कराया और वहां पर गन्दगी एवं जल निकासी की समस्याओं को उनके सामने रखा। इसके साथ ही व्यापारियों ने गर्बी स्कूल के पीछे 50 वर्षों से बने नाले का निरीक्षण भी कराया गया। व्यापारियों ने कहा कि यह नाला 50 वर्षों से नहीं बना है और ना ही इसकी सफाई होती है। इस कारण क्षेत्र की जल निकासी प्रभावित हो रही है। हाल ही में हुई बारिश का पानी सड़क के साथ ही गन्दगी लेकर लोगों के घरों तक घुसा रहा। ईओ को नगर पालिका की दुकानों का मौका मुआयना कराया गया। इनमें कई दुकानें तो बहुत ही जर्जर स्थिति में हो गई हैं, इनको लेकर व्यापारियों ने किसी भी दुर्घटना की आशंका व्यक्त करते हुए मार्किट को ठीक कराने का आग्रह किया। ईओ ने व्यापारियों को जल्द ही नाले का निर्माण कराने व दुकानों की मरम्मत का भरोसा दिया। व्यापारियों ने बारिश के बाद सड़क पर हो रहे गड्ढों का पैच वर्क कराने की बात भी ईओ के समक्ष रखी। व्यापारियों की इन समस्याओं को लेकर कहा कि जल्द ही सड़कों का पेच वर्क शुरू कराया जायेगा।

इस दौरान व्यापार मण्डल के नगराध्यक्ष राकेश त्यागी, भीम बालियान, भूरा कुरैशी, सुशील कुमार, प्रदीप गुप्ता, पंकज जैन, तरुण मित्तल, शिव कुमार सिंघल, अमन कुमार, अर्चित गुप्ता, अशोक कुमार आदि व्यापारी उपस्थित रहे।

Next Story