पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज, पीडिता ने विधायक की पत्नी होने का दावा
पूर्व मंत्री एवं मध्यप्रदेश के धार जिले के गंधवानी से कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार के खिलाफ एक महिला ने उनकी पत्नी होने का दावा करते हुए उनके खिलाफ दुष्कर्म और अन्य आपराधिक धाराओं के तहत धार जिले के नौगांव थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है।

धार/भोपाल। पूर्व मंत्री एवं मध्यप्रदेश के धार जिले के गंधवानी से कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार के खिलाफ एक महिला ने उनकी पत्नी होने का दावा करते हुए उनके खिलाफ दुष्कर्म और अन्य आपराधिक धाराओं के तहत धार जिले के नौगांव थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है।
नौगांव थाने में अड़तीस वर्षीय पीड़ित महिला की शिकायत पर रविवार देर शाम प्राथमिकी दर्ज की गयी। प्राथमिकी के अनुसार सिंघार ने इस महिला को विवाह का झांसा देकर उसका शारीरिक और मानसिक शोषण किया। जब महिला ने विवाह के लिए दबाव बनाया, तो दोनों ने इसी वर्ष अप्रैल में भोपाल में विवाह कर लिया। महिला का आरोप है कि सिंघार ने उसका दैहिक और मानसिक शोषण नवंबर 2021 से नवंबर 2022 तक धार जिले के अलावा भोपाल और दिल्ली के पास राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में किया। इस दौरान उसके साथ मारपीट भी की गयी और अप्राकृतिक कृत्य किया गया। महिला मूल रूप से जबलपुर निवासी है और वह भी कथित तौर पर कांग्रेस से जुड़ी हुयी बतायी गयी है। इस बीच मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने एक वीडियो संदेश के जरिए कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक उमंग सिंघार के खिलाफ उनकी पत्नी की शिकायत पर दुष्कर्म और अन्य कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। श्री मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस सचिव और गुजरात चुनाव में सह प्रभारी विधायक उमंग सिंघार के खिलाफ धार जिले के नौगांव थाने में दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। उनकी पत्नी ने दुष्कर्म, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं कांग्रेस विधायक एवं कमलनाथ सरकार में मंत्री रहे उमंग सिंघार ने एक बयान जारी कर आरोप लगाया कि महिला ने उससे पैसों की मांग की और वह उनका राजनैतिक भविष्य बर्बाद करने की धमकी दे रही थी। इस सिलसिले में उन्होंने पुलिस को लिखित में दो नवंबर को शिकायत भी की है। उन्होंने कहा कि राजनीति के चलते उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करायी गयी है। उनकी प्रतिष्ठा धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। दूसरी ओर वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के मध्यप्रदेश के प्रभारी एवं कांग्रेस के पूर्व मंत्री पी सी शर्मा ने यहां एक बयान में कहा कि श्री गांधी की यात्रा के मध्यप्रदेश में प्रवेश के पहले ही भाजपा और उसके नेता डरे हुए हैं। इसलिए वे इस तरह की कार्रवाई करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता कांग्रेस के विधायकों को तोड़ने का प्रयास करने के लिए प्रेशर पॉलिटिक्स कर रहे हैं। लेकिन हमारे विधायक दबाव में आने वाले नहीं हैं। उन्होंने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। दूसरी ओर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मामले की जांच की जा रही है और इसमें आने वाले तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।