राज्य सभा के लिए नामांकन प्रारंभ, 31 तक चलेगी प्रक्रिया

नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में भी दस जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए आज से 31 मई तक नामांकन होगा। इसके बाद एक जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद पात्र प्रत्याशियों को उच्च सदन में भेजने के लिए दस जून से सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। दस जून की शाम को ही पांच बजे तक परिणाम आ जाएगा।
राज्यसभा की 11 में से सात पर तो भाजपा की जीत तय है। भाजपा आठवीं सीट के लिए भी प्रयास करेगा। इसके साथ ही संख्या बल के हिसाब से समाजवादी पार्टी को भी तीन सीट आराम से मिलेगी। समाजवादी पार्टी का प्रयास राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी को राज्यसभा में भेजने का है।
राज्यसभा में 100 सीट के कोटे में उत्तर प्रदेश से कुल 31 सदस्य चुने जाते हैं। उत्तर प्रदेश के जिन 11 सदस्यों का कार्यकाल चार जुलाई 2022 को खत्म हो रहा है, उनमें भाजपा के पांच, समाजवादी पार्टी (सपा) के तीन, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के दो व कांग्रेस के एक सदस्य शामिल हैं। भाजपा के शिव प्रताप शुक्ला, सैय्यद जफर इस्लाम, संजय सेठ, सुरेन्द्र सिंह नागर और जय प्रकाश निषाद का कार्यकाल खत्म हो रहा है। इसी तरह समाजवादी पार्टी के सुखराम सिंह यादव, रेवती रमन सिंह व विशम्भर प्रसाद निषाद उच्च सदन से बाहर हो जाएंगे। बहुजन समाज पार्टी के सतीश चन्द्र मिश्रा और अशोक सिद्धार्थ का कार्यकाल पूरा हो रहा है जबकि कांग्रेस से कपिल सिब्बल की भी पारी समाप्त हो रही है।