undefined

बिजली गुल होने से थम गई मुंबई, रेल सेवाएं भी ठप्प

पूरे मुंबई शहर में कहीं पर भी बिजली नहीं है। इसकी वजह से लोकल ट्रेन सेवा के साथ तमाम जिंदगी ठप्प होकर रह गई। नवी मुंबई और ठाणे में भी बिजली आपूर्ति ध्वस्त हो गई।

बिजली गुल होने से थम गई मुंबई, रेल सेवाएं भी ठप्प
X

मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई शहर में पावर ग्रिड फेल होने की वजह से अधिकतर इलाकों की बिजली जाने से हाहाकार मच गया। कहा जा रहा है कि पूरे मुंबई शहर में कहीं पर भी बिजली नहीं है। वहीं बेस्ट (बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट) ने अपने ट्वीट में कहा है कि टाटा इनकमिंग की इलेक्ट्रिक आपूर्ति बाधित होने के कारण बिजली नहीं मिल पाई। इसकी वजह से लोकल ट्रेन सेवा के साथ तमाम जिंदगी ठप्प होकर रह गई। नवी मुंबई और ठाणे में भी बिजली आपूर्ति ध्वस्त हो गई।

मुंबई के लिए आज का दिन मुसीबत के साथ शुरू हुआ। ग्रिड के फेल होने के कारण बिजली जाने से मुंबई में आज जनजीवन की लाइफ लाइन कही जाने वाली उपनगरीय ट्रेन सेवाएं भी बाधित हो गई। जिसके चलते बड़ी संख्या में लोग छत्रपति शिवाजी टर्मिनस पर फंस गए। गर्मी के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोग घंटों से रेलवे स्टेशन पर खड़े होकर बिजली आने का इंतजार करते रहे, ताकि ट्रेन चल सकें और वह अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। मुंबई शहर 24 घंटे बिजली सेवा दिए जाने के लिए जाना जाता है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बिजली नहीं आने से पूरे शहर का काम प्रभावित हुआ। इससे लोकल ट्रेन की आवाजाही भी प्रभावित रही और रेलवे स्टेशनों पर लोगों की काफी भीड़ नजर आई।

Next Story