undefined

कुट्टू का आटा खाने से बिगड़ी तबियत, 40 से ज्यादा बीमार

कुट्टू का आटा खाने से बिगड़ी तबियत, 40 से ज्यादा बीमार
X

रुड़की। शारदीय नवरात्र में व्रत का जोर पकड़ गया है। ऐसे में मिलावटखोरी लोगों की जान पर आफत बनने लगी है। कुट्टू का आटा खाने से लोग बीमार होकर अस्पताल पहुंचने लगे तो प्रशासन में हड़कम्प मच गया। व्रत में कुट्टू का आटा खाने से 40 लोगों की तबियत बिगड़ गयी, सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूत्रों के अनुसार उत्तराखंड के जनपद हरिद्वार के कस्बा रुड़की और इसके आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कुट्टु का आटा खाने से देर रात लोगों की अचानक तबियत बिगड़ने लगी। लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। यह संख्या 40 से ज्यादा पहुंचने पर प्रशासन में हड़कम्प मच गया। ये लोग रात्रि करीब एक बजे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे। इसकी जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अफसरों ने भी अस्पताल पहुंचकर बीमार लोगों की हालत की जानकारी ली और उनके उपचार की बेहतर व्यवस्था की।

रुड़की शहर के कई अलग अलग अस्पतालों में इनका उपचार चल रहा है। बताया गया कि बीमार होने वाले रुड़की के ढंडेरा और भगवानपुर क्षेत्र के हैं। इनमें 20 से ज्यादा महिलाएं हैं। रात्रि में उपचार के लिए आये लोगों में से कई को प्राथमिक उपचार और जांच के बाद सुबह अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। 20 से अधिक लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती रखे गये हैं। अचानक तबियत बिगड़ने से भयभीत इन लोगों के उपचार की व्यवस्था ठीक नहीं होने का आरोप लगाते हुए मरीजों और उनके परिजनों ने हंगामा भी किया है। रुड़की के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामि बंसल सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे और बीमार हुए लोगों व उनके परिजनों से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि हमने प्रकरण की जांच शुरू करा दी है। कुट्टू के आटा का सैम्पल कराकर जांच के लिए भिजवाया गया है। जहां से यह आटा खरीदा गया है, वहां पर भी टीम भेजी गयी है। उन्होंने कहा कि बीमार लोगों के बेहतर उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को निर्देशित किया गया है।

Next Story