हाथरस केस पर फिर बोले राहुल और प्रियंकाः अन्याय के खिलाफ आवाज उठाओ
पीड़ित परिवार की रक्षा होनी चाहिए जो उत्तर प्रदेश सरकार नहीं कर रही है। दूसरी ओर प्रियंका गांधी ने कहा कि पीडिता को न्याय देने के बजाय उसे बदनाम किया जा रहा है।
![हाथरस केस पर फिर बोले राहुल और प्रियंकाः अन्याय के खिलाफ आवाज उठाओ हाथरस केस पर फिर बोले राहुल और प्रियंकाः अन्याय के खिलाफ आवाज उठाओ](https://www.nayanjagriti.com/h-upload/2020/10/12/285738-rahulsoniajuly24jcxzjgzsemgqcp.webp)
नई दिल्ली। हाथरस घटना को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने फिर योगी सरकार आलोचना करते हुए घटना को लेकर वीडियो जारीकर कहा कि अपराधियों को बचाना सरकार का काम नहीं है। उन्हें जेल में डालना चाहिए और पीड़ित परिवार की रक्षा होनी चाहिए जो उत्तर प्रदेश सरकार नहीं कर रही है। दूसरी ओर प्रियंका गांधी ने कहा कि पीडिता को न्याय देने के बजाय उसे बदनाम किया जा रहा है।
हाथरस की घटना को लेकर सोमवार को ट्वीट करते हुए राहुल गांधी ने लिखा कि, इस मामले पर सरकार का रवैया अमानवीय और अनैतिक है। पीड़ित परिवार की मदद करने की बजाए वे अपराधियों की रक्षा करने में लगी है। राहुल गांधी ने वीडियो में कहा कि मुझे उसे परिवार से मिलने क्यों नहीं दिया जा रहा? उनकी बेटी की हत्या हुई, उनकी बेटी का बलात्कार हुआ, मुझे क्यों रोका जा रहा है? जैसे ही मैं उस घर के अंदर पहुंचा, जैसे ही मैंने परिवार से बात करनी शुरू की, सरकार ने पीड़ितों पर आक्रमण शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि अपराधियों की मदद सरकार का काम नहीं होता है। सरकार का काम पीड़ितों को न्याय देना है। उत्तर प्रदेश की सरकार यह काम नहीं कर रही है। ऐसे में आप अपना काम करना शुरू कीजिए। अपराधियों को जेल में डालिए। पीड़ितों को बचाने का और उनकी रक्षा करने का काम करिए। ये सिर्फ एक महिला की कहानी नहीं है। ये हिंदुस्तान में लाखों महिलाओं की कहानी है। लाखों महिलाएं सरकार की ओर देख रही हैं और सरकार अपना काम नहीं कर रही। हम सबको सरकार पर दबाव डालना चाहिए। समाज को बदलना है। अन्याय के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।