undefined

सुखबीर सिंह बादल ने नवजोत सिंह सिद्धू को बताया मिस गाइडेड मिसाइल

नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से प्रियंका गांधी के साथ तस्वीर ट्वीट की है। तस्वीर के साथ उन्होंने यह भी लिखा है कि उनके और प्रियंका गांधी के बीच लंबी बैठक हुई है।

सुखबीर सिंह बादल ने नवजोत सिंह सिद्धू को बताया मिस गाइडेड मिसाइल
X

नई दिल्ली। पंजाब कांग्रेस में जंग और मुख्यमंत्री से नाराज चल रहे पार्टी नेता नवजोत सिंह सिद्धू को राहुल गांधी द्वारा मुलाकात से इंकार के बाद आज उनकी प्रियंका गांधी से मुलाकात हुई है। इस मामले को लेकर अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने तंज कसते हुए कहा कि सिद्धु एक गुमराह मिसाइल हैं जो कंट्रोल में नहीं है जो खुद के साथ किसी भी दिशा में हिट कर सकती है। आज पंजाब को एक्टिंग करने वाले की नहीं बल्कि राज्य के विकास के बारे में सोचने वाले की जरूरत है।

पंजाब में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। दोनों अपने रुख से पीछे हटने और एक दूसरे के साथ आने के लिए तैयार नहीं हैं। ऐसे में चुनाव से पहले पंजाब कांग्रेस के लिए अजीबो-गरीब स्थिति बन गई है। राहुल गांधी ने गत दिवस नवजोत से मिलने से इंकार कर दिया था। आज नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से प्रियंका गांधी के साथ तस्वीर ट्वीट की है। तस्वीर के साथ उन्होंने यह भी लिखा है कि उनके और प्रियंका गांधी के बीच लंबी बैठक हुई है।

हाल में ही पंजाब कलह के समाधान के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय पैनल का गठन किया। इस पैनल ने कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू समेत पंजाब के सभी विधायकों और सांसदों को तलब किया था और बारी-बारी से बात की थी। इस मुलकात के दौरान कैप्टन और सिद्धू के बीच की तल्खी खुलकर सामने आई थी। उसी दौरान राहुल गांधी ने पंजाब कांग्रेस के कुछ नेताओं से मुलाकात की थी। पैनल से मुलाकात के दौरान कैप्टन साफ कर चुके हैं कि सिद्धू को न ही पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया जा सकता है और न ही डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। सिद्धू के बयानों से नाराज कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बड़ा हमला बोलते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की थी।

Next Story