सरकार का अहंकार श्री कृष्ण ठीक करेंगे : प्रियंका

मथुरा। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि कहीं भाजपा सरकार गोवर्धन पर्वत ना बेच दे।
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार पालीखेड़ा मैदान में किसान महापंचायत को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर करारे हमले किए। प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने भाषण में पीएम मोदी को केंद्रित रखा। किसान कानून को अरबपतियों के लिए बनाया गया कानून बताया। वहीं भगवान श्रीकृष्ण की नगरी में उन्होंने कहा कि इस सरकार का अहंकार भगवान श्रीकृष्ण तोड़ेंगे। महापंचायत के लिए आईं प्रियंका गांधी वाड्रा के मंच पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उनका नारे लगाकर स्वागत किया। प्रियंका के आते ही समूचे पंडाल में एक नई ऊर्जा का संचार हो गया। वहां मौजूद जनता ने हाथ हिलाकर उनका स्वागत किया। प्रियंका गांधी ने मंच पर पहुंचकर कहा कि मेरा सौभाग्य है कि यहां खड़ी हूं। बांकेबिहारी महाराज की जय, गिरिराज महाराज की जय, जमुना मैया की जय के साथ अपना भाषण शुरू किया। उनका भाषण किसानों पर केंद्रित रहा।