undefined

पुरानी पेंशन बहाली और यश भारती पुरस्कार फिर शुरू करने का अखिलेश का वादा

पुरानी पेंशन बहाली और यश भारती पुरस्कार फिर शुरू करने का अखिलेश का वादा
X

लखनऊ । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर कर्मचारी- शिक्षकों की पुरानी पेंशन को बहाल किया जाएगा। इसके लिए जरूरत पड़ी तो कार्पस फंड बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि चिकित्सा, शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को यश भारती पुरस्कार दिया जाएगा। यश भारती की तरह ही जिला स्तर पर भी उत्कृष्ट कार्य करने वालों के लिए पुरस्कार शुरू किया जाएगा।

पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्य कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए 2005 से पहले की पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने का वादा किया है। सपा इसे अपने घोषणा पत्र में शामिल करेगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक मंथन के बाद पुरानी पेंशन बहाल करने का फैसला किया गया है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने कर्मचारियों और शिक्षकों की पुरानी पेंशन को खत्म कर दिया। लंबी सेवा के बाद सेवानिवृत्त होने वालों के जीवन निर्वाह के लिए फिर से पुरानी सामाजिक सुरक्षा पेंशन दिया जाना उचित है। भाजपा ने राज्य कर्मचारियों, शिक्षकों के साथ धोखा किया। पेंशन बहाली से 13.37 लाख लोग लाभांवित होंगे। राज्य कर्मचारियों और अटेवा संगठन की इस संबंध में लंबे समय से मांग चर रही थी।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी सरकार में कर्मचारियों के इलाज के लिए कैशलेस स्कीम तैयार की गई थी। सरकार बनने पर इसे पूरी तरह से लागू किया जाएगा। इसी तरह वित्तविहीन शिक्षकों को सम्मानजनक मानदेय देने की व्यवस्था करने का भी आश्वासन दिया। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के सवाल पर कहा कि यह अच्छी प्रथा नहीं है। इसमें शोषण के अलावा कुछ नहीं होता है। समाजवादी पार्टी निजीकरण के खिलाफ है। भाजपा ने निजीकरण के जरिए संविधान और आरक्षण को नुकसान पहुंचाया। सरकार बनने पर इस मुद्दे पर भी विचार किया जाएगा। समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र में कर्मचारियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी सभी की समस्याओं को शामिल करेंगे। पेंशन के लिए जरूरत पड़ी तो कार्पस फंड की व्यवस्था की जाएगी। तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को उनके आवास के पास तैनाती दी जाएगी। इसी तरह अन्य व्यवस्थाएं भी की जाएगी। प्रेस वार्ता के दौरान कर्मचारी नेता हरिकिशोर तिवारी और अटेवा अध्यक्ष विजय कुमार बंधु भी मौजूद रहे।

Next Story