राज्य सभा भाजपा का 11 में 7 सीटें जीतना तय

लखनऊ। राज्यसभा में यूपी कोटे की 11 सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इधर, भाजपा का 11 में से सात सीटें जीतना तय है, जबकि आठवीं सीट पर भी उसकी नजर है। रणनीति भी इसी लिहाज से बनाई जा रही है। भाजपा के मौजूदा पांच में से तीन सदस्य दोबारा भेजे जा सकते हैं, जबकि केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण और मुख्तार अब्बास नकवी के नाम भी यूपी कोटे से चर्चाओं में हैं।
चार जुलाई को जिन 11 सदस्यों का कार्यकाल खत्म हो रहा है, उनमें से पांच भाजपा, तीन सपा, दो बसपा और एक कांग्रेस के हैं। भाजपा से शिव प्रताप शुक्ला, संजय सेठ, जफर इस्लाम, जयप्रकाश निषाद और सुरेंद्र नागर के नाम शामिल हैं। सुरेंद्र नागर और संजय सेठ फिर भेजे जा सकते हैं। जफर इस्लाम का नाम भी रिपीट होने वालों की सूची में शामिल हैं। मगर केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास रिजवी भी बीते कुछ समय से यूपी में खासे सक्रिय हैं। वे झारखंड कोटे से राज्यसभा सदस्य हैं और उनका कार्यकाल भी चार जुलाई को ही खत्म हो रहा है। ऐसे में नकवी और जफर में से किसी एक को भेजा जाएगा।
पार्टी किसी एक ब्राह्मण चेहरे को भेजेगी। इनमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी का नाम प्रमुखता से चर्चा में है। इसके अलावा पार्टी हलकों में पुराने राजनैतिक और व्यापारिक परिवार से ताल्लुक रखने वाले एक वैश्य युवा नेता को भी आठवें चेहरे के रूप में पेश कर सकती है। इसके अलावा दलित कोटे से पूर्व सांसद प्रियंका रावत का नाम भी चर्चा में है। पश्चिम की जाट बेल्ट को साधने के लिए किसी जाट चेहरे को भी राज्यसभा भेजा जा सकता है।