undefined

एमएलसी चुनाव में ऐतिहासिक जीत-मंत्री कपिल देव ने बांटे लड्डू

भाजपा की जीत पर शिव चौक पर मना जश्न, मंत्री कपिल देव ने कहा-सीएम योगी के काम पर जनता का विश्वास कायम, भाजपाईयों ने बांटी मिठाई

एमएलसी चुनाव में ऐतिहासिक जीत-मंत्री कपिल देव ने बांटे लड्डू
X

मुजफ्फरनगर। एमएलसी मेरठ खंड स्नातक सीट पर भाजपा प्रत्याशी दिनेश कुमार गोयल की जीत सुनिश्चित हो जाने के साथ ही आज सवेरे शिव चौक पर भाजपाईयों ने जमकर जश्न मनाया। इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र प्रभारी कपिल देव अग्रवाल ने शिव चौक पर पहुंचकर भगवान शंकर की पूजा अर्चना करते हुए ईश्वर का आभार व्यक्त किया और कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाकर इस खुशी को जाहिर किया। उन्होंने कहा कि एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की जीत से साफ है कि जनता को सीएम योगी के काम पर विश्वास कायम है। इस जीत ने सीएम योगी के हाथों को मजबूत बनाने का काम किया है। यह ऐतिहासिक जीत भाजपा संगठन के संघर्ष का परिणाम है। इस क्षेत्र में जो लोग करीब पांच दशक से काबिज रहकर शिक्षकों के हितों के विपरीत कार्य कर रहे थे आज इस चुनाव में मतदाताओं ने उनको जवाब देने का काम किया है। शिक्षकों के हितों और शिक्षित युवाओं के हितों को लेकर भाजपा सरकार काम कर रही है।

बता दें कि पहली बार भाजपा ने एमएलसी मेरठ खंड स्नातक व शिक्षक सीट पर हुए चुनाव में इतिहास रचते हुए जीत हासिल की है। यहां पर शिक्षक सीट पर आठ बार के विधायक उ.प्र. माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा को पराजित करते हुए भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा एमएलसी निर्वाचित हुए तो शनिवार को स्नातक सीट पर भाजपा प्रत्याशी डा. दिनेश कुमार गोयल ने माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रत्याशी और चार बार के विधायक हेम सिंह पुंडीर को पराजित कर जीत हासिल की है। इस जीत के साथ ही आज सवेरे प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। यहां पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला के साथ सर्वप्रथम भगवान शुकर का जलाभिषेक करते हुए पूजा अर्चना की। इसके पश्चात मिठाईयां बांटी गयी।


मंत्री कपिल देव ने भाजपा जिलाध्यक्ष और अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने हाथों से जीत का लड्डू खिलाया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह जीत काम और विकास की जीत है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में जनकल्याण के लिए एक समान नीति के साथ काम किया है। सभी को साथ लेकर उन्होंने राज्य के विकास के लिए अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। इसके साथ ही पीएम नरेन्द्र मोदी की उपलब्धियों को लेकर भी जनविश्वास भाजपा के प्रति कायम रहा है।


उन्होंने इसे ऐतिहासिक जीत बताते हुए कहा कि इस चुनाव में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता एकजुट रहा और सभी ने मिलकर काम किया, जिसका नतीजा जीत के रूप में हमारे सामने आया है। पार्टी की इसी एकजुटता और संघर्ष ने दशकों से कायम नेताओं को इस चुनाव में पटखनी देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार कार्यकर्ताओं के संघर्ष के सहारे भाजपा 2022 के चुनाव में फिर से सत्ता में लौटेगी।

इस अवसर पर मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, श्रीमोहन तायल, रमेश खुराना, संजय गर्ग, विशाल गर्ग, सुधीर खटीक, सुखदर्शन सिंह बेदी, रेणू गर्ग, सुषमा पुंडीर, अतुल सैनी, अचिंत मित्तल, रोहिल वाल्मीकि सहित सैंकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Next Story