undefined

साइकिल पर सवार हो 2022 में सत्ता की राह तलाशने निकले अखिलेश

लखनऊ में पार्टी मुख्यालय से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने साइकिल यात्रा की शुरुआत की। इसके बाद समाजवादी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के सभी जिलों में साइकिल यात्रा निकाली।

साइकिल पर सवार हो 2022 में सत्ता की राह तलाशने निकले अखिलेश
X

लखनऊ। सपा के संस्थापक सदस्य जनेश्वर मिश्र की पुण्य तिथि पर आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में मिशन-2022 के तहत साइकिल यात्रा के जरिए संदेश दिया गया। तमाम जिलों में आज यह यात्रा निकाली गई। नाम भले भाजपा को घेरना हो, लेकिन इसका उद्देश्य 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा के लिए सत्ता की जमीन तैयार करना है।

लखनऊ में पार्टी मुख्यालय से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने साइकिल यात्रा की शुरुआत की। इसके बाद समाजवादी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के सभी जिलों में साइकिल यात्रा निकाली। उनकी पत्नी डिंपल यादव ने कन्नौज में साइकिल यात्रा को रवाना किया। यात्रा निकालने से पहले पार्टी मुख्यालय पर मीडिया से बात करते हुए सपा मुखिया ने महंगाई-बेरोजगारी और खेती-किसानी सहित तमाम मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा झूठ बोलने में नंबर एक पार्टी है। वो हर मुद्दे पर झूठ पर झूठ बोल रही है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार कोरोना की दूसरी लहर के दौरान आम लोगों की मदद करने में पूरी तरह नाकाम रही। उन्होंने कहा कि महामारी से जब लोगों की जान जा रही थी तब प्रदेश में जमकर दवाओं की कालाबाजारी हो रही थी। लोग कोरोना की वजह से नहीं बचे। यह सरकार की विफलता थी। बड़ी संख्या में लोग मारे गए। लोगों को मजबूरन अपने प्रियजनों की लाशें गंगा में बहानी पड़ीं लेकिन सरकार इस सच्चाई को स्वीकार करने की बजाए झूठ पर झूठ बोल रही है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि हम यूपी को नई दिशा देना चाहते हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर हर मोर्चे पर नाकाम रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार आक्सीजन तक उपलब्ध नहीं करा पाई। जनता में नाराजगी है। हो सकता है आने वाले समय में सपा को चार सौ सीट भी जितवा दे। आज ऐसे हालात हैं कि भाजपा के पास प्रत्याशी कम पड़ेंगे। ये लोग चुनाव आते-आते अपराधियों के कितना करीब पहुंच गए हैं।

Next Story