undefined

स्वच्छता सर्वेक्षण 2020-सहारनपुर की बड़ी छलांग, यूपी में पाया 5वां स्थान

स्वच्छता सर्वेक्षण 2020-सहारनपुर की बड़ी छलांग, यूपी में पाया 5वां स्थान
X

सहारनपुर। मंडल में जहां मुजफ्फरनगर की नगर पंचायत ने जोनल सर्वेक्षण में 25 हजार से ज्यादा जनसंख्या वाली नगर पंचायतों में टाॅप 3 में स्थान पाया है, वहीं सहारपुर नगर निगम ने भी स्वच्छ सर्वेक्षण-2020 में लंबी छलांग लगाते हुए सीएम सिटी गोरखपुर और रामनगरी अयोध्या को भी पीछे छोड़ दिया है। यूपी में सहारनपुर नगर निगम को 5वीं रैंकिंग इस सर्वेक्षण में दी गई है। जबकि राष्ट्रीय स्तर पर 43 पायदान की उछाल लेकर सहारनपुर नगर निगम ने 49वीं रैंक प्राप्त कर दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रदर्शन किया है। इस सर्वेक्षण में सहारनपुर नगर के डेढ़ लाख से अधिक लोगों ने अपनी राय दी थी। सहारनपुर मंडल की स्वच्छता के पैमाने पर रैंकिंग में इस अप्रत्याशित सुधार को वहां के प्रशासन और नगर निगम के मेयर तथा अफसरों व कर्मियों के शत प्रतिशत योगदान का कारण ही माना जा रहा है। इसके लिए मंडलायुक्त संजय कुमार ने भी निगम के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ नागरिकों को भी सहयोग के लिए बधाई दी है।

गुरूवार को केन्द्र सरकार के स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत स्वच्छ सर्वेक्षण-2020 के परिणाम जारी कर दिये गये। इसके लिए केन्द्र सरकार की ओर से वर्चुअल प्रोग्राम आयोजित किया गया, जिसमें स्वच्छ अवार्ड प्रदान किये गये। इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर मई-2019 से जनवरी-2020 तक सर्वेक्षण कराया गया था। सहारनपुर नगर निगम को स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए 1 से 10 लाख की जनसंख्या वाले 382 शहरों में शामिल किया गया था। इस सर्वेक्षण के तहत सहारनपुर महानगर में पहुंची टीम ने विभिन्न बिन्दुओं पर अपना सर्वेक्षण किया था। जिसमें नगर के 1,58,661 लोगों ने अपना फीड बैक दिया। स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 के लिए निर्धारित कुल अंक 6000 में से सहारनपुर नगर निगम ने 3855.29 अंक का स्कोर प्राप्त कर देश में 49वां स्थान पाया है। यह सहारनपुर महानगर की एक बड़ी छलांग मानी जा रही है, क्योंकि वर्ष 2019 में इस नगर निगम ने 92वीं रैंक हासिल की थी, जबकि 2018 के स्वच्छ सर्वेक्षण परिणामों में सहारनपुर देश में 378वीं रैंक पर आया था। उत्तर प्रदेश में 1 से 10 लाख जनसंख्या वाले कुल 59 शहरों में सहारनपुर ने सीएम योगी सिटी गोरखपुर और अयोध्या को भी मात देने का काम करते हुए 5वां स्थान प्राप्त किया है। देश में गोरखपुर को 82वीं और अयोध्या को 97वां नम्बर मिला है। इसमें यूपी के नोएडा, अलीगढ़, झांसी और मथुरा-वृंदावन ही सहारनपुर महानगर से रैंक में आगे रहे हैं।

वहीं दूसरी ओर यूपी ने स्वच्छता सर्वेक्षण-2020 में सबसे ज्यादा 19 पुरस्कार जीते हैं। स्वच्छ सर्वेक्षण-2020 अवार्ड का कार्यक्रम आज वर्चुअल आयोजित किया गया था। स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 में लखनऊ 12वें, आगरा 16वें, गाजियाबाद 19वें, प्रयागराज 20वें, कानपुर 25वें और वाराणसी 27वें स्थान पर रहे। यूपी से 2 नगर निगम, वाराणसी और शाहजहांपुर को सम्मान मिला है। 17 निकायों में लखनऊ, फिरोजाबाद, कन्नौज, चुनार, गंगाघाट, आवागढ़, मेरठ कैंट, गजरौला, मुरादनगर, स्याना, पलियाकलां, मल्लावां, बरुआसागर, बकेवर, बलदेव, अछलदा और मथुरा कैंट को भी पुरस्कृत किया गया है।

Next Story