OBC की लड़ाई मेरी प्राथमिकता है, RSS OBC का सबसे बड़ा दुश्मन: राहुल गांधी

Update: 2025-07-25 12:45 GMT

नई दिल्ली, 25 जुलाई 2025।  राजधानी दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में कांग्रेस पार्टी ने 'भागीदारी न्याय महासम्मेलन' का आयोजन किया। इस सम्मेलन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत कई दिग्गज नेताओं ने हिस्सा लिया। मंच की सबसे बड़ी गूंज रही—राहुल गांधी का स्पष्ट संदेश: "अब OBC की लड़ाई मेरी पहली प्राथमिकता है।"

राहुल गांधी, जो अब लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं, ने अपने भाषण में भारतीय राजनीति में OBC वर्ग की अनदेखी पर खुलकर बात की। उन्होंने खुद की एक बड़ी गलती भी स्वीकार की—

"मैंने एक गलती की... OBC को समय रहते समझ नहीं पाया। अगर UPA सरकार के दौरान उनकी पीड़ा को समझ लिया होता, तो उसी वक्त जातीय जनगणना करवा दी जाती।"

RSS को बताया OBC का दुश्मन

राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि—

"RSS इस देश में OBC वर्ग का सबसे बड़ा दुश्मन है। वो नहीं चाहते कि OBC वर्ग सत्ता और व्यवस्था में अपनी भागीदारी तय कर सके।"

उन्होंने कहा कि तेलंगाना में कराई गई जातीय गणना एक सियासी भूचाल है, और अब यह मुद्दा पूरे देश में उठेगा। कांग्रेस इसे हर राज्य में लागू करवाने के लिए आंदोलन करेगी।

खरगे और सिद्धारमैया का भी हमला

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि देश में जब तक सामाजिक न्याय नहीं होगा, तब तक असली लोकतंत्र अधूरा रहेगा। वहीं कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने राज्य में की गई जातीय गणना की रिपोर्ट साझा करते हुए कहा कि यह एक क्रांतिकारी कदम है।

Similar News