MUZAFFARNAGAR--ससुराल पहुंचते ही दुल्हन हुई अचेत, उपचार के दौरान मौत

भोपा थाना क्षेत्र के गांव बेलड़ा से युवक की बारात शनिवार को शहर कोतवाली क्षेत्र के न्याजुपुरा में आई थी।

Update: 2024-05-05 10:08 GMT

मुजफ्फरनगर। भोपा क्षेत्र के गांव बेलड़ा में शनिवार की देर रात्रि जैसे ही युवक निकाह कर अपनी पत्नी को लेकर बारातियों और परिजनों के साथ घर पहुंचा तो पत्नी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने अचेत अवस्था में उसे निजी चिकित्सक के यहां दिखाया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला चिकित्सालय ले गए, जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। नई नवेली दुल्हन की मौत हो जाने से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। वहीं दूल्हे की बहन की शादी की खुशियां भी मातम में बदल गई। उसकी बारात को टाला गया।

बताया गया कि भोपा थाना क्षेत्र के गांव बेलड़ा से युवक की बारात शनिवार को शहर कोतवाली क्षेत्र के न्याजुपुरा में आई थी। यहां पर शादी का कार्यक्रम पूर्ण होने पर निकाह के बाद दूल्हा अपनी दुल्हन, बारातियों और परिजनों के साथ वापस लौटा तो अचानक ही दुल्हन की तबियत खराब हो गई। दुल्हन अचानक बेहोश हुई तो सभी के हाथ पांव फूल गये। उसको ससुराल वालों ने निजी चिकित्सक के यहां पर दिखाया, हालात गंभीर होने पर चिकित्सक ने शहर ले जाने की सलाह दी।

ससुराल वालों ने इसकी सूचना दुल्हन के परिजनों को भी दी। बाद में रात्रि में दुल्हन को परिजन जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे थे, यहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। दुल्हन की मौत से दोनों ही परिवारों में कोहराम मच गया। बताया गया कि दुल्हन को कई दिनों से बुखार हो रहा था। उसके परिजन यहीं पर उपचार करा रहे थे, शादी वाले दिन भी सुबह से ही उसकी तबियत खराब ही थी। इसी बीच उसका निकाह करा दिया गया। ससुराल पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया। 

Similar News