वक्फ संपत्तियों पर भूमाफियाओं का कब्जाः सिसौदिया
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा-हकीकत बताने के लिए घर-घर जायेंगे कार्यकर्ता;
मुजफ्फरनगर। केन्द्र सरकार द्वारा लाये गये वक्फ संशोधन अधिनियम 2025 को लेकर भाजपा ने एक बड़ा अभियान छेड़कर इसके लिए जनसमर्थन जुटाने का प्रयास शुरू किया है। इसी कड़ी में हर जनपद में भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को जनता के बीच उतारकर वक्फ संपत्तियों को लेकर हो रहे खेल का पर्दाफाश करने के काम में जुट गई है। इसके लिए भाजपा द्वारा वक्फ सुधार जनजागरण अभियान-2025 के अंतर्गत गांधीनगर स्थित जिला कार्यालय पर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसौदिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
कार्यशाला के उपरांत कार्यालय पर पत्रकार वार्ता के दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसौदिया ने भाजपा के वक्फ सुधार जनजागरण अभियान-2025 की जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने वक्फ बिल में संशोधन किया है। इसमें सबसे बड़ी बात यह है कि वक्फ की जमीन दान देने वाले व्यक्ति, संस्था को अपनी पहचान व दान की जा रही संपत्ति पर अपना मालिकाना हक बताना होगा, इसके साक्ष्य भी देने होंगे। इस अभियान में लोगों को केन्द्र सरकार द्वारा वक्फ संपत्तियों को लेकर लाये गये कानून के लिए जागरुक करने के लिए ही पाटी द्वारा देश भर में अभियान छेड़ा गया है। हर जिले में कार्यकर्ता वक्फ सुधार जन जागरण अभियान में जुटें, इसके लिए कार्यशाला हो रही हैं।
क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसोदिया ने कहा कि वक्फ एक दान है, जो वही व्यक्ति दे सकता है जिसका उस संपत्ति पर मालिकाना हक हो। लेकिन कुछ घोटालेबाजों एवं भू माफियाओं ने इसे धंधा बना लिया है। वक्फ संशोधन अधिनियम 1954, 1955 व 2013 में भी लाया गया था, तब कांग्रेस की सरकार देश में थीं। कांग्रेस ने 2013 में वक्फ संशोधन करके मुस्लिम समाज के संपन्न लोगों को इसमें असीमित अधिकार देकर जमीनों पर अवैध कब्जा कराया था। आज इसी घोटाले का पर्दाफाश करने और इन संपत्तियों से गरीब कल्याण की भावना को सार्थक करने के लिए ही वक्फ बिल में संशोधन करके भाजपा की सरकार ने अच्छा काम किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस अभियान के तहत वक्फ सुधार व्यवस्था के लिए जन जागरण कर रही है, जिसके अंतर्गत सभी कार्यकर्ता घर-घर जाकर इस संशोधन अधिनियम के बारे में लोगों को बताएंगे। उन्होंने कहा कि वक्फ संशोधन कानून पर विपक्ष द्वारा भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। जबकि वक्फ संशोधन कानून का मकसद गरीब कल्याण के लिए है, क्योंकि ये संपत्ति दान करने वालों ने गरीबों के लिए ही दी है, लेकिन इसका आज बड़े पैमाने पर संपन्न लोग अपने स्वार्थ के लिए दुरूपयोग कर रहे हैं। इस दौरान मुख्य रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, सहकारी बैंक के चेयरमैन ठा. रामनाथ सिंह, पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, शरद शर्मा, पवन अरोरा, संजय गर्ग, डॉ. पुरूषोत्तम, प्रवीण खेड़ा, पंकज माहेश्वरी सहित सैंकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।