undefined

भाजपा जिलाध्यक्ष-विजय शुक्ला ने बनाया सबसे लंबे कार्यकाल का रिकाॅर्ड

विजय शुक्ला बोले- नए जिलाध्यक्ष का स्वागत, हमने 24 घंटे संगठन-सरकार के लिए काम किया, अब मैं आम कार्यकर्ता के रूप में पार्टी को समर्पित रहकर करूंगा काम।

भाजपा जिलाध्यक्ष-विजय शुक्ला ने बनाया सबसे लंबे कार्यकाल का रिकाॅर्ड
X

मुजफ्फरनगर। भाजपा में जिलाध्यक्ष पद पर सबसे लंबा कार्यकाल पूर्ण करने का रिकाॅर्ड बनाने वाले विजय शुक्ला ने कहा कि पार्टी हाईकमान का निर्णय सर्वोपरि है। नये जिलाध्यक्ष का संगठन में स्वागत है और मैं अब एक आम कार्यकर्ता के रूप में पार्टी की मजबूती और सरकार की उपलब्धियों के प्रचार के लिए कार्य करूंगा।

विजय शुक्ला को 06 दिसम्बर 2019 को पार्टी में जिलाध्यक्ष बनाया गया था। वो बचपन से ही भाजपा और आरएसएस से जुड़े रहे। उनके पिता आरएसएस के जिले में बड़े प्रचारक रहे। संगठन में विजय शुक्ला ने अनेक दायित्व निभाये। जिलाध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने कर्म को महत्व दिया और कार्यालय पर कार्यकर्ताओं व आम जनता से मुलाकात के लिए पूरा समय दिया। 10 बजे कार्यालय में जाकर बैठना, संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा आम कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बनाना और जनसमस्याओं की सुनवाई कर निस्तारण कराना उनकी दिनचर्या में शामिल रहा। विजय शुक्ला के कार्यकाल में जिले में भाजपा नौ में से आठ ब्लाॅक प्रमुख जिताने में सफल रही। उनके कार्यकाल में विधानसभा चुनाव, जिला पंचायत अध्यक्ष, निकाय चुनाव के साथ ही भूमि विकास बैंक, सहकारी बैंक, सहकारी समितियों के चुनाव में भाजपा को अच्छा प्रदर्शन रहा। विजय शुक्ला 1379 दिन करीब पौने चार साल जिलाध्यक्ष पद पर काबिज रहे। एक कार्यकाल में उन्होंने सबसे लंबा समय व्यतीत करने का रिकाॅर्ड कायम किया है। भाजपा में कोई भी जिलाध्यक्ष पहले कार्यकाल में इतने दिन पद पर नहीं रहा। वैसे तो देवव्रत त्यागी 6 साल के करीब जिलाध्यक्ष पद पर रहे, लेकिन उनको पार्टी ने दूसरा कार्यकाल दिया था। इसके अलावा सुरेन्द्र देव और यशपाल पंवार भी तीन-तीन साल जिलाध्यक्ष पद पर रहे।

नये जिलाध्यक्ष का ऐलान होने पर विजय शुक्ला ने कहा कि पार्टी नेतृत्व का फैसला सर्वोपरि है। हम नये जिलाध्यक्ष का स्वागत करते हैं। संगठन को मजबूती देने के लिए उनको पूर्ण सहयोग मिलेगा। मैं एक आम कार्यकर्ता के रूप में भविष्य में पार्टीहित में काम करूंगा। पार्टी जो भी दायित्व देगी उनको पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी से निभाया जायेगा। उन्होंने कहा कि हर दिन उन्होंने संगठन और सरकार के हित के लिए जनता के बीच 24 घंटे रहकर काम किया है। कार्यकर्ताओं के मान सम्मान की लड़ाई लड़ी है। हम पार्टी के प्रति समर्पित रहकर कार्य करेंगे।

Next Story