undefined

2024 में भाजपा को सत्ता से हटायेगा इंडियाः शिवपाल

सपा महासचिव बोले-इंडिया में सीटों के बंटवारे पर कोई विवाद नहीं, हमारे पास पीएम पद के लिए कई बड़े नाम और चेहरे, शिवपाल ने मायावती पर कहा-बसपा से कोई परहेज नहीं, बशर्ते पहले वो खुद को भाजपा से अलग करे

2024 में भाजपा को सत्ता से हटायेगा इंडियाः शिवपाल
X

मुजफ्फरनगर। लोकसभा चुनाव 2024 की सियासी लड़ाई एक बार फिर से सीधे तौर पर भाजपा बनाम संयुक्त विपक्ष के रूप में होने की पूरी संभावना बनी हैं। ऐसे में सभी की निगाह इंडिया गठबंधन के बने रहने और बिगड़ने पर टिकी है। देश में बने नये सियासी माहौल के बीच रविवार को जिले से गुजरे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि 2024 में विपक्ष का संयुक्त गठबंधन इंडिया जन समर्थन से भाजपा को केन्द्रीय सत्ता से हटाने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि इंडिया में लोकसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे पर कोई विवाद नहीं है। इस पर सहमति बन जायेगी। साथ ही गठबंधन के पास पीएम पद के कई चेहरे और नाम हैं। बसपा को शामिल करने पर हमें परहेज नहीं है, लेकिन पहले बसपा खुद को भाजपा से अलग करने का काम करे।

दिल्ली से सहारनपुर जाते समय शहर के मौहल्ला रामपुरम में सपा के प्रदेश सचिव इलम सिंह गुर्जर के आवास पर रविवार को सवेरे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मंत्री शिवपाल यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संगठन की मजबूती पर बल देते हुए अभी से लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने आशा जताई कि 2024 में जनता नया जनादेश देगी। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वो आज कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए दौरे पर निकले हैं। यहां के बाद सहारनपुर में कार्यकर्ताओं से मिलने का कार्यक्रम तय है। इंडिया गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए यह गठबंधन बना है।


गठबंधन में बसपा को मिलाने के सवाल पर कहा कि पहले बसपा नेता भाजपा से तो दूरी बना लें। यह हम पहले कई बार कह चुके हैं। बसपा की नेता को भाजपा से दूरियां साबित करनी होंगी। उनसे हमें कोई भी परहेज नहीं है। कांग्रेस के खिलाफ अखिलेश यादव की नाराजगी और बयानबाजी के सवाल को वो टाल गये। उन्होंने कहा कि यूपी से भाजपा को पराजित करना है। सीटों के बंटवारे पर समय है, कोई विवाद नहीं है। इस पर जल्द ही बातचीत हो जायेगी। हमारा प्रयास यही है कि एकजुट होकर इंडिया गठबंधन मेें मिलकर भाजपा को हटाना है। पीएम पद के लिए इंडिया गठबंधन के पास बहुत चेहरे और नाम हैं, मिलकर तय कर लिया जायेगा। इसमें कोई समस्या नहीं है। इंडिया गठबंधन 2024 के चुनाव के लिए बना है, 2024 में भाजपा को देश से हटाना है। तीन राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के सामने आये परिणाम को लेकर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि जनता ने भाजपा के पक्ष में जो भी जनादेश दिया है, वो हम सभी स्वीकार कर रहे हैं, लेकिन 2024 में देश की जनता एक नया जनादेश देते हुए इंडिया गठबंधन को मजबूत करेगी और ये गठबंधन भाजपा को केन्द्रीय सत्ता से हटाने का काम करेगा।

इस अवसर पर इलम सिंह गुर्जर ने अपने आवास पर शिवपाल यादव और उनके साथ आये पूर्व किठोर सीट से विधायक शाहिद मंजूर और कार्तिकेय राणा सहित सपा के सभी नेताओं का स्वागत किया। यहां पर मुख्य रूप से पुरकाजी विधायक अनिल कुमार, जिलाध्यक्ष जिया चैधरी, पुष्पेन्द्र उर्फ बाॅबी त्यागी, गोल्डी अहलावत, राकेश शर्मा, सलीम मलिक, सोमपाल भाटी, सत्येन्द्र बालियान, निशांत मलिक, साजिद हसन, धर्मेन्द्र पँवार, पवन बंसल, शमशेर मलिक सुखपाल सिंह, अमीर कासिम, सुषमा सैनी, नौशाद अली, रमेश चंद शर्मा, अक्षय चैधरी, यशपाल चैधरी, अब्दुल्ला कुरैशी, जुनेद रऊफ, गुफरान तेवड़ा, डा. इसरार अल्वी, राशिद मलिक, हाजी इकबाल, आशीष त्यागी, रविकांत त्यागी, हारून खान, नवाब इम्तियाज, मोनू गुर्जर, हसीब राणा, अनुज गुर्जर, अरशद खान, पवन पाल, रामपाल सिंह पाल, फिरोज अख्तर, मीर हसन, हुसैन राणा, जावेद फरीदी, मेहरबान तावली, अब्बास अली, डा. हनीफ अंसारी, अली जैदी, सलमान अब्बासी, सनव्वर राणा आदि मौजूद रहे।

Next Story