undefined

मुजफ्फरनगर...गालीबाज श्रीकांत त्यागी को लेकर समाज में तकरार

त्यागी समाज की मीटिंग में भाजपा के खिलाफ प्रस्ताव और नारेबाजी को लेकर हुआ जमकर हंगामा, राजनीतिक बिसात पर समाज के नेता हुए दो फाड़। त्यागी समाज के भाजपा नेताओं ने जताया समाज के पदाधिकारियों के प्रति रोष, कई लोगों में हुई नोकझोंक, धक्का मुक्की। एसएचओ सिविल लाइन को त्यागी समाज के लोगों में कराना पड़ा बीच-बचाव, समाज की ओर से सौंपा गया ज्ञापन।

मुजफ्फरनगर...गालीबाज श्रीकांत त्यागी को लेकर समाज में तकरार
X

मुजफ्फरनगर। नोएडा के गालीबाज भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी के प्रकरण में आज पुलिस को सफलता मिली और उसको मेरठ से ही गिरफ्तार कर लिया गया। एक महिला के साथ सरेआम गंभीर स्तर पर अभद्रता करने के बाद सरकार और पुलिस के निशाने पर आया भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी वीडियो वायरल होने के बाद से ही फरार चल रहा था। श्रीकांत त्यागी के द्वारा महिला के सम्मान के विपरीत किये गये गैर सामाजिक कार्य को लेकर चारों ओर निंदा हो रही है, लेकिन इस गालीबाज भाजपा नेता के समर्थन में त्यागी समाज के कुछ युवकों के खड़े हो जाने पर समाज में ही दो फाड़ नजर आया है। आज त्यागी समाज ने श्रीकांत त्यागी प्रकरण में पुलिस कार्यवाही और मीडिया के द्वारा की जा रही टीका टिप्पणी के विरोध में एक बड़ी पंचायत का आयोजन किया। यहां पर त्यागी समाज के पदाधिकारियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया तो कुछ युवकों ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी कर दी। इसी को लेकर भाजपा से जुड़े कुछ त्यागी समाज के लोगों ने कड़ा विरोध किया तो पंचायत में ही हंगामा हो गया। नौबत यहां तक पहुंची की त्यागी समाज श्रीकांत त्यागी के समर्थन और भाजपा के विरोध को लेकर दो फाड़ होता दिखाई दिया। त्यागी समाज के पदाधिकारियों के साथ समाज के ही कुछ लोगों की तीखी नोकझोंक हुई, पुलिस को मामला शांत कराना पड़ा। बाद में त्यागी समाज की ओर से एक ज्ञापन सौंपा गया।


नोएडा के गालीबाज तथाकथित भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी प्रकरण को लेकर त्यागी सभा भवन में त्यागी समाज की ओर से एक पंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें त्यागी सभा भवन के अध्यक्ष हरिओम त्यागी के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में त्यागी समाज के लोगों ने हिस्सा लिया। सभा के दौरान त्यागी समाज के पदाधिकारियों ने जब भाजपा सरकार और भाजपा नेताओं पर श्रीकांत त्यागी के परिवार और दोस्तों को अनावश्यक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया तो कुछ युवकों ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी कर दी।


इसी को लेकर सभा में भारी हंगामा भी हुआ। त्यागी समाज की इस पंचायत में कुछ लोगों ने नोएडा में श्रीकांत त्यागी द्वारा महिला के साथ की गई बदसलूकी की आलोचना की तो वहीं पुलिस प्रशासन द्वारा श्रीकांत की पत्नी को अवैध रूप से गिरफ्तार करने और श्रीकांत त्यागी के रिश्तेदारों और मित्रों को गुंडों की संज्ञा देने पर त्यागी समाज ने पुलिस प्रशासन और खासतौर पर मीडिया की घोर निंदा की। पंचायत में त्यागी समाज के लोगों ने कहा कि यह एक पूरे समाज को निशाना बनाने का काम किया जा रहा है। अगर एक व्यक्ति का कसूर है तो सजा एक व्यक्ति को मिलनी चाहिए ना कि उसके समस्त रिश्तेदारों और परिवार को कसूरवार ठहराकर उनको सजा दी जाये। इस पंचायत में नोएडा पुलिस के द्वारा की जा रही कार्यवाही को समाज के लोगों ने संवैधानिक अधिकारों का हनन बताया।


त्यागी समाजा की इस पंचायत में जहां पदाधिकारियों ने गालीबाज नेता श्रीकांत त्यागी के लिए बेहद सॉफ्ट कॉर्नर रखा और सरेआम महिला का मान मर्दन करने पर भी समाज ने श्रीकांत के खिलाफ हो रही कार्यवाही का किसी भी रूप में जायज न हीं ठहराया। इसके साथ ही पंचायत में उस समय बात बिगड़ गयी, जब समाज के कुछ प्रमुख नेताओं ने खुलेमन से पंचायत में भारतीय जनता पार्टी का काफी विरोध किया। त्यागी समाज के युवाओं ने भारतीय जनता पार्टी मुर्दाबाद के नारे लगाए, तो पूरा हंगामा खड़ा हो गया और समाज के लोगों के बीच ही राजनीतिक रूप से टिप्पणी करने को लेकर बहस होने लगी, जो धक्का मुक्की तक जा पहुंची। इस पंचायत में भाजपा से जुड़े त्यागी समाज के कुछ लोग भी मौजूद रहे, जिन्होंने पंचायत में भाजपा के खिलाफ लाये गये प्रस्ताव को लेकर नाराजगी जताई। हंगामा इतना बढ़ा कि मौके पर मौजूद सिविल लाइन थाना प्रभारी संतोष त्यागी को फोर्स के साथ बीच बचाव कराना पड़ा।


पंचायत में त्यागी समाज ने भाजपा सांसद महेश शर्मा को लेकर भी कड़ी नाराजगी जताई और उनके द्वारा श्रीकांत त्यागी के विरोध में दिये गये बयान को लेकर निंदा की। इसमें न्यूज चैनल के पत्रकार के साथ बातचीत के दौरान सपा के पूर्व एमएलसी सुनील सिंह साजन के द्वारा सामाजिक टिप्पणी को लेकर भी निंदा की गयी। वहीं पदाधिकारियों ने कहा कि श्रीकांत त्यागी और परिवार के खिलाफ पुलिस प्रशासन तथा भाजपा सरकार के द्वारा जिस प्रकार की कार्यवाही की जा रही है, वह ठीक नहीं है। त्यागी समाज ने यह चेतावनी भी दी कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व इस दमनकारी कार्यवाही को लेकर संज्ञान ले, यदि इसको नहीं रोका गया तो भाजपा को इसका परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए। समाज यही चाहता है कि इस प्रकरण में जातिगत आधार पर भेदभाव की राजनीति नहीं होनी चाहिए। त्यागी समाज ने मुख्यमंत्री और भाजपा हाईकमान के नाम ज्ञापन तहसीलदार सदर अभिषेक शाही और एसएचओ सिविल लाइन संतोष त्यागी को सौंपा। इस पंचायत को लेकर पुुलिस प्रशासन पहले से ही चौकन्ना था और त्यागी सभा भवन पर भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया था।


इस पंचायत में मुख्य रूप से हरिओम त्यागी, भाजपा नेता अवनिाश त्यागी, वैभव त्यागी, रोहन त्यागी, क्षेत्रीय अध्यक्ष त्यागी समाज ईश्वर चंद त्यागी, परतोष त्यागी, अंकुश त्यागी, संजीव त्यागी, विनय त्यागी, दर्शन लाल त्यागी , सपा नेता उमेश त्यागी, सपा नेता रोहन त्यागी, कैप्टन सुरेश चंद्र त्यागी, नवीन त्यागी, सतवीर त्यागी सपा नेता, अशोक त्यागी, दीपक उर्फ बाबी त्यागी सपा नेता, अक्षु त्यागी भारतीय किसान यूनियन, विपुल त्यागी बहेड़ी, मांगेराम त्यागी भारतीय किसान यूनियन, सभासद व भाजपा नेता इंजी. राजू त्यागी, सचिन पावटी, विपिन त्यागी पावटी, वैभव आम आदमी पार्टी, अरुण त्यागी बरला भाजपा, नीरज त्यागी, अनुज त्यागी, सूर्यकांत त्यागी, शिवकुमार त्यागी, बीएम त्यागी, डा. अरविन्द त्यागी कुटेसरा, प्रवेश त्यागी, आचार्य अभयदेव, महावीर त्यागी सहित सैकड़ों की संख्या में त्यागी समाज के लोग मौजूद रहे।

Next Story