undefined

मुजफ्फरनगर....फैक्ट्रियों पर ताबड़तोड़ छापों से मचा हड़कम्प

एडीएम प्रशासन नरेन्द्र बहादुर सिंह ने पूरे दलबल के साथ किया कई फैक्ट्रियों का औचक निरीक्षण, प्रदूषण रोकने की कवायद में परखी गई व्यवस्था। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को सीसीटीवी कैमरों से कवर कर डीएम वार रूम से जोड़ने के दिये निर्देश। ईंधन के रूप में पालिथिन कचरा नहीं जलाने पर जोर, आज नहीं मिली कोई बड़ी खामी, दी चेतावनी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर डीएम चंद्रभूषण सिंह ने एडीएम प्रशासन के नेतृत्व में गठित की है जिला स्तरीय टीम।

मुजफ्फरनगर....फैक्ट्रियों पर ताबड़तोड़ छापों से मचा हड़कम्प
X

मुजफ्फरनगर। प्रदूषण को लेकर निर्धारित मानकों के पैमाने पर जिले की इण्डस्ट्रीज को परखने के लिए आज जिला प्रशासन के नेतृत्व में बड़ी कार्यवाही सामने आई। एडीएम प्रशासन के नेतृत्व में आज पूरे दिन फैक्ट्रियों पर हुई ताबड़तोड़ छापामार कार्यवाही से हड़कम्प मच गया। हालांकि इस निरीक्षण के दौरान परखी गयी फैक्ट्रियों में टीम को प्रदूषण फैलाने जैसी कोई बड़ी खामी नहीं मिली है, लेकिन प्रदूषण की हर संभावना को रोकने के लिए टीम ने फैक्ट्री मालिकों को आवश्यक निर्देश दिये हैं। इसमें फैक्ट्रियों में प्रयोक किये जा रहे वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को सीसीटीवी कैमरों से आच्छादित करते हुए इनको सीधे डीएम वार रूप से लिंक करने पर जोर दिया गया है, ताकि इन फैक्ट्रियों पर जल प्रदूषण को लेकर सतत निगरानी की व्यवस्था की जा सके।


अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेन्द्र बहादुर सिंह ने प्रदूषण और अन्य सम्बंधित विभागों के अफसरों तथा मजिस्ट्रेट के साथ मिलकर शनिवार को जनपद में फैक्ट्रियों पर ताबड़तोड़ छापामार कार्यवाही करते हुए वहां पर की गई व्यवस्थाओं को लेकर स्थलीय निरीक्षण किया। प्रशासन की इस कार्यवाही से फैक्ट्री मालिकों में हलचल मची रही, वहीं फैक्ट्रियों में भी अफरातफरी का नाराज देखने को मिला। इस दौरान कई फैक्ट्रियों पर शाम तक यह कार्यवाही चलती रही। निरीक्षण के दौरान सभी विभागों के अफसरों ने अपने अपने स्तर से होने वाली व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा और मानकों व नियमों के पैमाने पर फैक्ट्री की सभी व्यवस्थाओं को परखने के साथ ही वहां पर प्रदूषण रोकने के लिए नई परम्पराओं और कार्यों को शुरू करने पर चर्चा भी हुई। इस निरीक्षण में प्रमुख रूप से वाटर ट्रीटमेंट और ईंधन के प्रयोग को परखने का काम किया गया।


एडीएम प्रशासन नरेन्द्र बहादुर सिंह ने इस कार्यवाही की जानकारी देते हुए मीडिया को बताया कि पिछले दिनों जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह के समक्ष जनपद में जल और वायु प्रदूषण को लेकर कई गंभीर शिकायतें आई थी। ऐसे में प्रदूषण को रोकने के लिए जिलाधिकारी द्वारा एक कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी में उनको अध्यक्ष नामित करते हुए फैक्ट्रियों का औचक निरीक्षण करते हुए प्रदूषण मानकों की जानकारी जुटाने और प्रदूषण रोकने के लिए फैक्ट्रियों को सहयोगी इकाईयों के रूप में विकसित करने के निर्देश दिये गये। आज इसी कड़ी में पूरी टीम के साथ फैक्ट्रियों के निरीक्षण का कार्यक्रम शुरू किया गया है। इस औचक निरीक्षण का दौर लगातार चलता रहेगा। उन्होंने बताया कि रात्रि में भी फैक्ट्रियों का निरीक्षण किया जायेगा। एडीएम ने बताया कि आज कई स्थानों पर फैक्ट्रियों का औचक निरीक्षण किया गया है।


इस दौरान सम्बंधित विभागों के साथ मानकों और नियमों के पालन को भी परखा गया और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को देखा गया। फैक्ट्री मालिक को अपने सभी वाटर प्लांट सीसीटीवी से आच्छादित करने और इसको डीएम वार रूम से जोड़ने के लिए निर्देशित किया गया, ताकि वहां से भी लगातार निगरानी रखी जा सके। इसके साथ ही ईंधन के प्रयोग, श्रम और जीएसटी पंजीकरण, फायर सैफ्टी पर भी जायजा लिया गया है। पालिथिन कचरा को लेकर उन्होंने कहा कि आज निरीक्षण में किसी भी फैक्ट्री में पालिथिन कचरा नहीं पाया गया है, यदि भविष्य में किसी भी फैक्ट्री में यह कचरा पाया जाता है तो कठोरतम कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने बताया कि आज अग्रवाल पेपर मिल, मीनू पेपर मिल, भागेश्वरी पेपर, सि(बली पेपर मिल, बिन्दल पेपर मिल, शाकुम्भरी पेपर मिल आदि फैक्ट्रियों का निरीक्षण किया गया है। इसमें कोई बड़ी खामी नहीं पाई गयी है। उन्होंने कहा कि टीम लगातार यह निरीक्षण जारी रखेगी। एसडीएम सदर परमानंद झा ने बताया कि आज अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह ने पूरी टीम के साथ फैक्ट्रियों का औचक निरीक्षण किया। इसकी शुरूआत भोपा रोड पर अग्रवाल पेपर मिल से की गयी। इस दौरान मुख्य रूप से एसडीएम सदर परमानंद झा, जेई प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड विपुल कुमार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी कुमार रमाशंकर तिवारी सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी और पुलिस फोर्स भी टीम में शामिल रहे।

मुख्यमत्री योगी के निर्देश पर हो रही छापामार कार्यवाही

मुजफ्फरनगर में आज प्रदूषण के स्रोत को खत्म करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा फैक्ट्रियों पर की गयी ताबड़तोड़ कार्यवाही दरअसल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता का हिस्सा है। पिछले दिनों सहारनपुर में आये सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंडलीय समीक्षा के दौरान सख्त आदेश दिये थे कि गंगा और उसकी सहायक नदियों को प्रदूषित होने से बचाने के लिए जल और वायु प्रदूषण के स्रोतों को रोकने के लिए कार्यवाही की जाये। सीएम ने यह भी निर्देश दिये थे कि इसके लिए फैक्ट्रियों को मानकों में लाने के लिए टीम गठित करते हुए नियमित रूप से निरीक्षण कराया जाये। किसी भी स्तर पर प्रदूषण नहीं फैलना चाहिए। इसमें जिला प्रशासन पहले से ही काली नदी को प्रदूषित होने से बचाने के लिए कार्यवाही कर रहा है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने एडीएम प्रशासन के नेतृत्व में टीम का गठन किया और आज टीम के साथ एडीएम प्रशासन नरेन्द्र बहादुर सिंह ने फैक्ट्रियों का ताबड़तोड़ निरीक्षण करते हुए हलचल मचा दी है।

Next Story