undefined

मुजफ्फरनगर....'बदजुबान' 4 कांग्रेसियों से हाईकमान नाराज़

कांग्रेस हाईकमान की नाराजगी के बाद चार कांग्रेस नेताओं को पार्टी ने जारी किया नोटिस। तीन दिन में मांगा गया चारों नेताओं से जवाब। कांग्रेस के मंडल प्रभारी के खिलाफ की गयी थी गलत बयानबाजी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुशासन समिति ने लिया संज्ञान।

मुजफ्फरनगर....बदजुबान 4 कांग्रेसियों से हाईकमान नाराज़
X

मुजफ्फरनगर। कांग्रेस पार्टी में पहली बार अनुशासन को प्राथमिकता पर रखा गया है। पिछले दिनों शहर में आये कांग्रेस के प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी को भी यहां पर बड़े स्तर पर गुटबाजी देखने को मिली थी। एक गुट के कुछ नेताओं ने प्रांतीय पदाधिकारी के खिलाफ बदजुबानी करते हुए भला बुरा कहा था। यह मीडिया में सार्वजनिक हुआ तो अब हाईकमान के निर्देश पर पार्टी के ऐसे 'बदजुबान' पदाधिकारियों को पार्टी से बाहर करने की तैयारी शुरू कर दी गयी है। हाईकमान के निर्देश पर जिले के चार कांग्रेस नेताओं को अनुशासन समिति ने नोटिस जारी करते हुए उनसे 'बदजुबानी' पर जवाब तलब किया है। माना जा रहा है इन चारों नेताओं को पार्टी में अनुशासन का माखौल बनाने के आरोप में निष्कासित करने की कार्यवाही हो सकती है।

बता दें कि कांग्रेस पार्टी के द्वारा आजादी के 75वें साल में प्रत्येक जनपद में 75 किलोमीटर की भारत जोडो यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। जनपद में यह यात्रा लगातार जारी है और वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्रों में यह यात्रा कांग्रेस के पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्यकर्ताओं के द्वारा किसानों, मजदूरों और युवाओं को साथ लेकर चलाई जा रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार कांग्रेस देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर 75 किलोमीटर की भारत जोड़ो यात्रा कार्यक्रम चला रही है। इसकी तैयारियों को लेकर गत 3 अगस्त को मुजफ्फरनगर एवं बिजनौर लोकसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की एक मीटिंग का आयोजन आर्य समाज रोड पर स्थित आर्य समाज मंदिर परिसर में बैठक का आयोजन किया गया था।


इस बैठक में मुख्य अतिथि प्रदेश महासचिव एवं भारत जोडो यात्रा के मंडल प्रभारी डा. संजीव शर्मा यहां पर पहुंचे थे और यात्रा के लिए बिजनौर व मुजफ्फरनगर लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई। इस मीटिंग का आयोजन कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुबोध शर्मा ने किया था, जबकि कांग्रेस के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष राकेश पुंडीर ने इस बैठक का बहिष्कार करते हुए अपने गुट के कार्यकर्ताओं के साथ मेरठ रोड पर स्थित मधुबन रेस्टोरेंट में बैठक का आयोजन किया था। वहां पर भी मंडल प्रभारी संजीव शर्मा को बुलाया गया, लेकिन वह इसे गुटबाजी मानकर वहां पर नहीं गये और नाराजगी भी जाहिर की थी। इस बैठक में कांग्रेस नेता राकेश पुंडीर के साथ पूर्व जिलाध्यक्ष नानू मियां, हरेंद्र त्यागी, संजीव त्यागी, प्रहलाद राणा, सतीश शर्मा, सतीश शेरावत, अरशद राणा, असजद, जगदीश अरोरा, रविंद्र बालियान, रेहाना बेगम, विनोद चौहान, अफसाना अंसारी, नीलम शर्मा, योगेश खारी, वीरभान कटारिया, अनित चौधरी, नरेश भारती, महेश विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे थे। आरोप है कि इसी बैठक में कांग्रेस के कुछ नेताओं ने मंडल प्रभारी संजीव शर्मा के खिलाफ मुखर बयानबाजी की थी। उनको पद से हटवाने तक की बात यहां पर कहीं गयी। यह सार्वजनिक हो जाने को लेकर पार्टी में हलचल रही। इसकी शिकायत गोपनीय रूप से कुछ कांग्रेस नेताओं ने हाईकमान को की थी।

सूत्रों का कहना है कि इसे अनुशासनहीनता मानते हुए हाईकमान ने ऐसे लोगों के खिलाफ कार्यवाही का मन बना लिया है। जिले में पूर्व कार्यवाहक जिलाध्यक्ष राकेश पुंडीर, अरशद राणा, पूर्व जिलाध्यक्ष हरेन्द्र त्यागी और कांग्रेस सेवादल के प्रदेश सचिव सतीश शर्मा के खिलाफ उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुशासन समिति ने हाईकमान के निर्देश पर एक्शन लिया है। सूत्रों का दावा है कि इन चारों नेताओं पर पार्टी के विरु( गलत गतिविधियों में सम्मिलित होने के आरोप हैं और इनको हाईकमान के निर्देश पर पार्टी से निष्कासित किया जा सकता है। मधुबन रेस्टोरेंट में आयोजित बैठक में इन नेताओं के द्वारा खुले मंच से पार्टी के जिम्मेदार नेताओं के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया था। इसी को लेकर अब इन पर संकट मंडराया है।

कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुबोध शर्मा ने बताया कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर कांग्रेस पार्टी के द्वारा 75 किलोमीटर की भारत जोड़ो यात्रा का कार्यक्रम जिले को मिला है। यह यात्रा नौ अगस्त से 15 अगस्त तक जनपद में चलाई जायेगी। इस दौरान 75 किलोमीटर का सफर तय किया जायेगा। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों इसी यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रदेश महासचिव व यात्रा कार्यक्रम के मंडल प्रभारी संजीव शर्मा जिले में आये थे। इसी बीच मधुबन रेस्टोरेंट पर कुछ पार्टी पदाधिकारियों ने मीटिंग की थी। इसी में प्रदेश स्तरीय नेताओं पर टिप्पणी की गयी। उन्होंने बताया कि पार्टी की अनुशासन समिति की ओर से जिले के चार नेताओं राकेश पंुडीर, हरेन्द्र त्यागी, अरशद राणा और सतीश शर्मा के खिलाफ नोटिस जारी किया है, जिसकी एक कॉपी मुझे भी प्राप्त हुई है। इसमें तीन दिन के भीतर पार्टी हाईकमान ने चारों नेताओं से स्पष्टीकरण मांगा है। उनका कहना है कि पार्टी कोई शिकायत नहीं की गयी थी, पार्टी ने स्वतः ही इस मामले में संज्ञान लिया है।

कांग्रेस दो जिलाध्यक्ष वाला पहला संगठन

मुजफ्फरनगर जनपद में कांग्रेस ऐसा पहला राजनीतिक संगठन है, जिसमें दो जिलाध्यक्ष काम कर रहे हैं। भले ही पार्टी ने कार्यकारी जिलाध्यक्ष राकेश पंुडीर को इस दायित्व से मुक्त कर दिया, लेकिन वह आज भी जिलाध्यक्ष बने हुए हैं।

ज्ञात रहे कि यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस ने मुजफ्फरनगर सदर सीट से पार्टी के जिलाध्यक्ष सुबोध शर्मा को प्रत्याशी बनाया था। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने यहां पर राकेश पुंडीर को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया था। उनके साथ अब्दुल्ला आरिफ को नगराध्यक्ष बनाया गया। चुनाव सम्पन्न हो जाने के बाद पार्टी ने फिर से सुबोध शर्मा को यहां पर जिलाध्यक्ष बना दिया। राकेश पंुडीर से दायित्व हटा लिया गया, लेकिन इसके बाद से यहां पर गुटबाजी और हावी हो गयी और राकेश पुंडीर अलग ही बैठक करते रहे।

पूर्व विधायक अजय राय ने भेजा है नोटिस

मुजफ्फरनगर जनपद के अनुशासनहीन चार नेताओं के खिलाफ कार्यवाही के लिए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुशासन समिति के सदस्य पूर्व विधायक अजय राय की ओर से नोटिस भेजा गया है। यह नोटिस 10 अगस्त को जारी किया गया है।

पूर्व विधायक अजय राय द्वारा राकेश पंुडीर, हरेन्द्र त्यागी, अरशद राणा और सतीश शर्मा के नाम से भेजे गये इस नोटिस में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के संज्ञान में आया है कि आप लोगों ने विगत दिनों जिला कांग्रेस कमेटी के समानान्तर मधुबन रेस्टोरेन्ट, मेरठ रोड, जनपद- मुजफ्फरनगर में 9 अगस्त से 15 अगस्त के मध्य लोकसभा क्षेत्रों में चलायी जाने वाली भारत जोड़ो यात्रा की तैयारी बैठक आहूत की, जिसमें आप लोगों द्वारा खुले मंच से पार्टी के जिम्मेदार नेताओं के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया एवं उनके खिलाफ एक पत्र भी जारी किया गया। आप लोगो द्वारा जिला कांग्रेस कमेटी से समानान्तर अलग से बैठक आहूत करना एवं पार्टी नेताओं के खिलाफ अमर्यादित भाषा के प्रयोग से पार्टी की छवि धूमिल हुई है तथा आप लोगों का यह कृत्य अनुशासन हीनता की परिधि में आता है। आपको इस सम्बन्ध में क्या कहना है, आप अपना स्पष्टीकरण 3 दिन के अन्दर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति को भेजना सुनिश्चित करें। उचित जवाब न मिलने की स्थिति में आपके विरू( अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी।

Next Story