undefined

अब हरी चुनरी से ताकत दिखाईगी टिकैत की भाकियू

यूनियन इतिहास की पहली महिला महापंचायत एक नवम्बर को गांव गोयला में होगी आयोजित, पहली बार मंच पर कब्जा जमाकर पंच की भूमिका निभायेगी टिकैत परिवार की महिलाएं, राकेश टिकैत भी होंगे शामिल।

अब हरी चुनरी से ताकत दिखाईगी टिकैत की भाकियू
X

मुजफ्फरनगर। करमूखेडी आंदोलन के बाद करीब साढ़े तीन दशकों से किसान और मजदूरों की आवाज उठाने वाली भारतीय किसान यूनियन अब आंदोलन को नई करवट देने जा रही है। महेन्द्र सिंह टिकैत की अगुवाई में शुरू हुआ यह संगठन आज नई चुनौतियों से लड़ रहा है। महेन्द्र सिंह टिकैत के परिवार से संगठन को सींचने में तीसरी पीढ़ी पूरी तरह से सक्रिय है, लेकिन अब पहली बार इस टिकैत परिवार की महिलाएं हरी चुनरी के साथ अपनी यूनियन के हरे गमछे को बांधकर ऐसा गठबंधन करने को तैयार है, जो किसानों और मजदूरों को उनके अधिकारों की लड़ाई के मंच पर एक नई ताकत प्रदान करने का काम करेगा। इस आंदोलन को हरी चुनरी चौपाल का नाम दिया गया है।

भाकियू महिला विंग की जिलाध्यक्ष सोनिया सैनी यूनियन के जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा के साथ।

भाकियू अपने ऐतिहासिक अंादोलन की शुरूआत में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ऐतिहासिक गांव गोयला से महिला महापंचायत के साथ करने जा रहा है। भाकियू के आंदोलन में महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी तो पूर्व से ही होती रही है, लेकिन यह पहली बार है कि टिकैत परिवार की महिलाएं किसान और मजदूरों के हितों के आंदोलन को सक्रिय भूमिका के साथ मंच पर काबिज होंगी। भाकियू जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा ने बताया कि भाकियू के इतिहास की पहली महिला महापंचायत का आयोजन करने की पूरी तैयारी संगठन ने कर ली है। इस महिला महापंचायत में पहली बार टिकैत परिवार की महिलाएं पंचायत में पंच की भूमिका निभायेंगी। महिलाओं के हितों और उसके लिए संघर्ष पर चर्चा की जायेगी। सूत्रों के अनुसार इस महिला महापंचायत में सहारनपुर मंडल से संगठन को शामिल होने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही अन्य जनपदों और नजदीकी प्रदेशों से भी महिलाओं के आने की संभावना बनी हुई है। इस महापंचायत के सहारे किसान परिवारों की महिलाओं और महिला मजदूरों की समस्याओं को उठाकर सरकार से उनके निराकरण के लिए भी आवाज बुलंद की जायेगी।


भाकियू महिला विंग की जिलाध्यक्ष सोनिया सैनी ने बताया कि यूनियन के इतिहास की इस पहली किसान मजदूर महिला चौपाल को हरी चुनरी महिला चौपाल के एक संदेश के साथ आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए शाहपुर क्षेत्र के ऐतिहासिक गांव गोयला को चुना गया है। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौ. राकेश टिकैत की धर्मपत्नी श्रीमति सुनीता बालियान शामिल होंगी और महिला महापंचायत को लीड करेंगी। इसमें उनके साथ चौ. राकेश टिकैत, वह स्वयं और संगठन के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ ही महिला विंग की मंडल और जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि इस महापंचायत के सहारे महिला विंग को सक्रिय करने का भी काम किया जायेगा।

Next Story