undefined

LOKSABHA ELECTION-एक वोट बदल सकता है देश की तकदीरः योगी

प्रबुद्ध सम्मेलन में बोली मुख्यमंत्री-वोट की ताकत ने ही आस्था को सम्मान दिलाया, लोगों से पूछा-सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकारें क्या कभी राम मंदिर न दे पाते

LOKSABHA ELECTION-एक वोट बदल सकता है देश की तकदीरः योगी
X

मुजफ्फरनगर। लोकसभा चुनाव की जंग के बीच गुरूवार को मुजफ्फरनगर पहुंचे और जिले के प्रबुद्ध जनों के साथ सीधा संवाद करते हुए उनको 2017 से पहले और बाद का प्रदेश याद दिलाया। उन्होंने दंगों के कफ्र्यू की याद ताजा की तो भाजपा सरकार में मजबूत कानून व्यवस्था की बात भी की। उन्होंने याद दिलाया कि एक वोट गलत हाथों के साथ मिल जाये तो कितना घातक हो सकता है और यही एक वोट जब सभी पार्टी के साथ गया तो डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश और देश को उन्नति के शिखर पर किस तरह से पहुंचाया। उन्होंने कहा कि एक वोट देश की तकदीर बदल सकता है। इसलिए एक एक वोट को लेकर मेहनत करनी है। हर वोट नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब से देश और प्रदेश की जनता का वोट सही हाथों में गया है, तब से अराजकता समाप्त हुई है।


जानसठ रोड स्थित लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर काॅलेज में गुरूवार को भाजपा द्वारा आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में आये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सम्बोधन में कही कि चुनाव के दौरान प्रत्याशी से ये अपेक्षा नहीं हेानी चाहिए कि वो घर घर जाये, हर गांव में जाये, उनके कार्यक्रम सीमित होते हैं। पार्टी के हर कार्यकर्ता को नेता को स्वयं संजीव बालियान बनकर कार्य करना होगा, तभी हम संजीव के रूप में भाजपा और पीएम मोदी को जिताने में सफल होंगे।


उन्होंने लोगों को एक वोट की कीमत कितनी होती है यह भी बखूबी समझाते हुए इस ताकत को पहचानने के लिए प्रेरितर किया। उन्होंने कहा कि एक वोट की ताकत देश और प्रदेश की तकदीर व तस्वीर को बदल देती है। आपका यही वोट जब गलत हाथों में जाता था, तो मुजफ्फरनगर में महीनों कफ्र्यू लगता था, सही हाथों में गया तो अब यह जिला कांवड यात्रा के लिए जाना जाता है। जब ये गलत हाथों में गया तो पूरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश अराजकता का केन्द्र था, यहां लोग आने से गुजरने से डरते थे। वोट सही हाथों में गया तो अराजकता खत्म हुई और आस्था को सम्मान मिला।


सीएम योगी ने अयोध्या की होली का जिक्र करते हुए कहा कि होली के कार्यक्रम में 15 दिनों से देख रहा हूं, इनमें एक गीत खूब बजा, मैं भी वर्षों से इस गाने को देख रहा हूं, ‘होली खेले रघुवीरा’, होली खेलने के लिए भगवान राम का आह्नान तो होता रहा लेकिन अपनी जन्मभूमि पर राम है ही नहीं था, हमने आस्था का सम्मान रखा और 500 साल के बाद अवध में होली खेलने के लिए राम आ गये। उन्होंने कहा कि पूर्व जब यहां पर गलत लोगों का राज था तो रंगदारी मांगी जाती थी, सही पार्टी को वोट दिया तो अब पीएम स्वनिधि में 18 लाख स्ट्रीट वेंडरों को लोन की सुविधा हासिल हुई है। आपकी जिम्मेदारी है कि इसी एक वोट की कीमत आप आम जनता को बतायें, उनको समझायें। सीएम योगी ने कहा कि एक तरफ फैमिली फस्र्ट है, दूसरी तरफ नेशन फस्र्ट है। मोदी जी के नेतृत्व में देश पहले है। वो लोग जातिवाद की बात करते हैं, मोदी जी गरीब कल्याण की बात करते हैं। विपक्ष तुष्टीकरण की बात करते हैं, मोदी जी संतुष्टिकरण के लिए सबका साथ सबका विकास की नीति पर काम करते हैं। यही अंतर भाजपा सरकारों का है। इसी अंतर को पहचानकर जनता के बीच जाना है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जनता के पास मोदी जी की गारंटी है। इसका मतलब 12 करोड़ किसानों को पीएम सम्मान निधि, चार करोड़ गरीबों को पीएम आवास का लाभ, 12 करोड गरीब लोगों को पांच लाख का स्वास्थ्य बीमा कवर, ढाई करोड परिवारों के घर उजियारा, उज्जवला योजना में फ्री कनेक्शन, मोदी की गारंटी का मतलब हर बेटी और व्यापारी को सुरक्षा का वातावरण देना है। सीएम ने कहा कि 2016 के उपचुनाव में कपिल देव के प्रचार में जब में यहां आया था तो क्या तनाव का माहौल था। जनता ने आशीर्वाद दिया तो यूपी में सरकार भाजपा की आई। 2014 से 2022 तक लगातार चार बार आपका समर्थन मिला, तो मुजफ्फरनगर का माहौल भी बदला है।


मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट की सरधना विधानसभा सीट पर पहली खेल यूनिवर्सिटी बन रही है। अब किसी पारूल चौधरी को प्रैक्टिस करने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, मुश्किल नहीं उठानी होगी। किसी बेटी ने मेडल जीता तो हमने सीधे डिप्टी एसपी की नौकरी दी। यह जारी रहेगा। अब एक इंटरनेशनल स्तर की स्पोट्र्स यूनिवर्सिटी के कारण मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट होनहार खिलाड़ियों के लिए बड़ी पहचान बनेगी। अब यहां पर बेटी, व्यापारी और अन्नदाता किसान की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को दस बार सोचना पड़ता है कि उसका परिणाम क्या होगा। अन्नदाता किसानों को नलकूपों पर फ्री बिजली उपलब्ध कराने के लिए 2600 करोड़ की व्यवस्थ की है। सोलर पैनल की ओर किसानों को लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में मोदी जी के आने के बाद एक नये भारत का उदय हुआ है। दुनिया के मन में भारत का सम्मान बढ़ा है। नये संस्थान देश में आ रहे हैं, सीमाएं सुरक्षित हुई है। इस नये भारत ने मोदी जी के नेतृत्व में सुरक्षा दी है तो समृद्धि है, आजीविका है तो आस्था भी दी है।


मुख्यमंत्री ने प्रबुद्धजनों से सीधा सवाल करते हुए कहा कि आप बताये अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण बसपा, सपा और कांगे्रस के लोग कभी करा पाते, आज अयोध्या नई लग रही है। रामलला के विराजमान होने को लेकर आपके पूर्वजों का सपना था, इस संकल्प को पूरा करने के लिए उन्होंने अपने सम्बोधन में राम राम जोड़ा था। ये सभी पिछली सरकारें नहीं कर पाती। विपक्ष ने आस्था के साथ खिलवाड़ किया, बेटी और व्यापारी को असुरक्षा दी। उन्होंने आह्नान करते हुए कहा कि हमें मोदी जी को तीसरा कार्यकाल देना है, ताकि वो भारत को दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बना सके। इसके लिए प्रबुद्ध जनों को जो अपने अपने वर्गों का नेतृत्वकर्ता है, तो उसको अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना है। सबसे पहले 19 अपै्रल को अपना वोट परिवार के साथ डालना होगा। आंधी-तूफान या गर्मी बारिश की परवाह नहीं करनी है। ये तभी संभव होगा, जब संजीव बालियान सांसद बनकर दिल्ली पहुंचेंगे। विकास और सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है, आप अपनी लोकतांत्रित जिम्मेदारी निभायें। देश को दुनिया की महाशक्ति बनाने के लिए मतदान करें। विकसित भारत के लिए वोट होगा तो उत्तर प्रदेश विकसित होगा।

Next Story