शिक्षक की दिनदहाड़े हत्या.. स्कूल जाने के दौरान अपराधियों ने मारी गोली
गोपालगंज- गोपालगंज जिले के ऊंचकागाव थाना क्षेत्र के झिरवा गांव के पास अज्ञात अपराधियों ने उचकागांव के प्रखंड प्रमुख विश्वजीत यादव के पिता अरविंद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। अरविंद यादव सरकारी शिक्षक के पद पर तैनात हैं। वह प्रतिदिन की भांति शुक्रवार को भी सुबह घर से अपने विद्यालय के लिए जा रहे थे । इसी बीच अपराधियों ने झिरवा गांव के पास गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। बताया जाता है कि गोपालगंज जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र के झिरवा गांव निवासी विश्वजीत यादव उचकागांव के प्रखंड प्रमुख हैं। साथ ही वे गोपालगंज जिला प्रमुख संघ के जिला अध्यक्ष भी हैं। शिक्षक अरविंद यादव पूर्व में झिरवा पंचायत के मुखिया भी रहे हैं। उनकी पत्नी अभी वर्तमान में झिरवा पंचायत की मुखिया हैं। शिक्षक अरविंद यादव की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अपराधियों की गोली के शिकार अरविंद यादव को आननफानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार में ही अरविंद यादव को मृत घोषित कर दिया।