undefined

पालिका परिसर छोड़कर भागे अनेक विभागाध्यक्ष....समीक्षा बैठक में दिये आवश्यक दिशानिर्देश

चेयरमैन अंजू अग्रवाल के आने की सुगबुगाहट से पालिका में मची अफरा-तफरी

मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद् की चेयरमैन अंजू अग्रवाल ने गत दिवस पालिकाध्यक्ष की कुर्सी संभालने के बाद आज नगर पालिका पहुंचकर कर्मचारियों एवं अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान चेयरमैन के पालिका में आने की सुगबुगाहट के चलते अधिकांश विभागाध्यक्ष वहां से खिसक लिये। माना जा रहा है कि कार्यों में लापरवाही और गडबडी के चलते ही विभागाध्यक्ष पालिका परिसर को छोड निकले। इस दौरान पालिका अध्यक्ष ने समीक्षा बैठक के दौरान सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों से कहा कि यदि किसी को कोई समस्या हो तो उन्हें बतायें, किन्तु जनता के कार्यों में वे किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेंगी। उन्होंने रोजाना पेयजल की सैम्पिलिंग करने तथा फोगिंग करने के निर्देश पालिका अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिये। पालिकाध्यक्ष ने ई-पेमेंट के कार्य में प्रगति न होने पर नाराजगी भी व्यक्त की।

ज्ञातव्य है कि गत दिवस ही पालिकाध्यक्ष अंजू अग्रवाल ने अपनी कुर्सी संभाली थी, जिसके बाद आज उन्होंने पालिका स्थित अपने कार्यालय में पहुंचकर विभिन्न विभागों की समीक्षा की और आवश्यक दिशानिर्देश दिये। इससे पूर्व पालिकाध्यक्ष अंजू अग्रवाल के पालिका में पहुंचने की सुगबुगाहट के चलते अनेक विभागाध्यक्ष पालिका परिसर से खिसक लिये और वे समीक्षा बैठक में भी उपस्थित नहीं हुए। समीक्षा बैठक में पालिका के अधिशासी अधिकारी भी नहीं पहुंच सके। माना जा रहा है कि कार्यों में लापरवाही एवं अन्य गडबडियों के चलते पालिका अध्यक्ष की नाराजगी से बचने के लिये विभागाध्यक्ष गायब हो गये। नगर पालिका पहुंचने पर सबसे पहले अंजू अग्रवाल ने सभी विभागों में पहुंचकर निरीक्षण किया और वहां गमले लगाने पर कर्मचारियों की जमकर प्रशंसा की। इसके बाद अंजू अग्रवाल सीधे अपने कार्यालय पहुंची और पालिका अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विभागवार समीक्षा की। इस दौरान पालिकाध्यक्ष ने कहा कि किसी भी कर्मचारी या अधिकारी को कोई समस्या हो तो वे उन्हें बेझिझक बता सकते हैं, लेकिन जनता के कार्यों में वे लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं करेंगी। उन्होंने कहा कि कम्प्यूटर या प्रिंटर की खराबी के कारण जनता का समय किसी भी दशा में बर्बाद न किया जाये। उन्होंने कहा कि पालिका में किसी भी संसाधन की कमी हो तो पूरा किया जायेगा। जब तक आप मुझे समस्या नहीं बतायेंगे तो उस समस्या के बारे में मुझे कैसे पता चलेगा। आप समस्याएं बतायेंगे तभी तो मैं संसाधनों को पूरा कर सकूंगी। उन्होंने कर्मचारियों और अधिकारियों से कहा कि वे ईमानदारी के साथा अपना कार्य करें। उन्होंने कहा कि 135 विकास कार्य जो रूके हुए हैं, उन्हें जल्द शुरू किया जाये। इसके अलावा पालिकाध्यक्ष ने पालिका में विभिन्न प्रकार के टैक्स जमा कराने के लिये आने वाले नागरिकों के लिये ई-पेमेंट की सुविधा अभी तक सुचारू न करने पर भी कडी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ई-पेमेंट शुरू होने से जहां शहर की जनता का समय बचेगा, वहीं नागरिकों को बेवजह लाईन में भी नहीं लगना पडेगा। उन्होंने कहा कि सवा चार महीने बाद भी ई-पेमेंट की सुविधा सुचारू न होना बहुत ही चिंता की बात है। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि सर्दी के बावजूद भी नगर में मच्छरों का बुरी तरह प्रकोप बढ रहा है। उन्होंने शहर में सुचारू रूप से फोगिंग न होने पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि फोगिंग के लिये योजना बनाकर शहर के सभी क्षेत्रों में सही दवाईयों के साथ फोगिंग की जाये। पालिकाध्यक्ष ने कूडा डलावघरों से समय से कूडा न उठने पर भी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि बाजार खुलने से पहले ही सभी कूडा डलावघरों से कूडा उठ जाना चाहिए। इस कार्यवाही में वे किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेंगी। पालिकाध्यक्ष ने जलकल विभाग को पेयजल की रोजाना सैम्पिलिंग कर रिपोर्ट उनके सामने प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से उन्होंने देखा है कि कई जगहों से साफ एवं स्वच्छ पानी न आने की शिकायतें मिल हैं। उन्होंने कहा कि जनता के स्वास्थ्य वे किसी भी प्रकार के खिलवाड को बर्दाश्त नहीं करेंगी और पानी की रोजाना सैम्पिलिंग की रिपोर्ट को खुद देखेंगी।



नगरपालिका पर नहीं है किसी की देनदारीः अंजू अग्रवाल

मुजफ्फरनगर। समीक्षा बैठक के दौरान पालिकाध्यक्ष अंजू अग्रवाल ने कहा कि वे किसी भी पालिका कर्मचारी या अधिकारी को किसी प्रकार की समस्या नहीं होने देंगी। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों की सेलरी और अन्य देनदारियां पूरी तरह से उन्हें मिल रही हैं। सभी ठेकेदारों का भुगतान समय से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में पालिका पर किसी प्रकार की कोई देनदारी नहीं हैं। यदि किसी पालिका कर्मचारी या अधिकारी को किसी प्रकार की कोई समस्या हो तो वह उनसे बेझिझक अपनी बात कह सकता है, लेकिन जनता के कार्यों में वे किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेंगी। उन्होंने कहा कि आपका एक-एक मिनट जनता के कार्यों के लिये होना चाहिए। यदि पालिका कर्मचारियों की वजह से जनता को परेशानी होती है तो उसे वे किसी भी दशा में बर्दाश्त न हीं करेंगी।

Next Story