undefined

जिला बार संघ चुनाव में 4 गुट आमने-सामने

तीन पूर्व अध्यक्षों सहित चार गु्रपों के प्रत्याशियों ने किया नामांकन, शनिवार को होगी नाम वापसी। अनिल जिंदल, राजेश्वर त्यागी, प्रमोद त्यागी के अलावा कलीराम ने पैनल सहित पेश की दावेदारी।

जिला बार संघ चुनाव में 4 गुट आमने-सामने
X

मुजफ्फरनगर। आखिरकार जिला बार संघ की नवीन कार्यकारिणी के लिए कचहरी में आज हलचल शुरू हो गयी। नामांकन प्रक्रिया के दौरान बार संघ की नई कार्यकारिणी के लिए तीन पूर्व अध्यक्षों सहित चार गु्रप सामने आये है। इन ग्रुपों के प्रत्याशियों ने चुनाव अधिकारी के सामने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत कर दावेदारी पेश की है। इसके साथ ही अन्य प्रत्याशियों ने भी अपने पर्चे दाखिल करते हुए इस बार चुनावी जंग रोचक होने के संकेत दिये हैं। हालांकि शनिवार को नाम वापसी के बाद ही चुनावी मुकाबले की सही तस्वीर सामने आ पायेगी।


इस बार जिला बार संघ की कार्यकारिणी के चुनाव पर आपसी खींचतान के साथ ही कोरोना वायरस संक्रमण का भी गहरा असर रहा है। प्रत्येक वर्ष अपै्रल माह तक सम्पन्न होने वाले ये चुनाव इस बार करीब सात माह की देरी से नवम्बर के आखिरी सप्ताह में सम्पन्न होने जा रहे हैं। जिला बार संघ की वर्ष 2020-21 की कार्यकारिणी के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा एल्डर्स कमेटी के द्वारा चुनाव अधिकारियों के साथ मिलकर करीब तीन दिन पूर्व कर दी गई थी। तय चुनाव कार्यक्रम के अनुसार आज शुक्रवार को 20 नवंबर को सुबह 10 से एक बजे तक नामांकन प्रक्रिया पूर्ण की गई। आज एल्डर्स कमेटी के सुरेन्द्र पाल सिंह और चुनाव अधिकारी आनन्द त्यागी के समक्ष जिला बार संघ कार्यकारिणी के लिए दावेदारों ने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किये।

सूत्रों के अनुसार इस बार चार गु्रपों के द्वारा जिला बार संघ कार्यकारिणी के चुनाव के लिए मुख्य रूप से अपने दावेदारी पेश की गयी है। इसके अतिरिक्त भी विभिन्न पदों पर अधिवक्ताओं ने नामांकन पत्र दाखिल किये हैं। आज मुख्य रूप से जिला बार संघ अध्यक्ष पद के लिए पूर्व अध्यक्ष एवं सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी एडवोकेट, पूर्व अध्यक्ष अनिल जिन्दल, पूर्व अध्यक्ष राजेश्वर दत्त त्यागी और कलीराम ने अपने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किये हैं। महासचिव पद के लिए इनाम इलाही, चन्द्रपाल सिरोही, गुलबीर सिंह, योगेश शर्मा और संजीव प्रधन ने भी अपने नामांकन पत्र दाखिल किये है। चारों गु्रप की ओर से अन्य पदों के लिए भी प्रत्याशियों ने अपने अपने नामांकन पत्र दाखिल कर दिये हैं। जिला बार संघ अध्यक्ष पद पर पूर्व बार संघ अध्यक्ष प्रमोद त्यागी, महासचिव पद हेतु गुलबीर सिंह द्वारा नामांकन किया गया। नामांकन के दौरान ग्रुप के संयोजक बाबू भंवर सिंह जी ,संदीप त्यागी, नरेश त्यागी, राजपाल चाहल, ओमपाल सिंह गोयला, सोराज मालिक, यशपाल सिंह राठौर, शिवम त्यागी, जितेंद्र सिंह, विवेक त्यागी एड, जिला कोषाध्यक्ष सपा सचिन अग्रवाल आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।


मुख्य चुनाव अधिकारी आनंद प्रकाश त्यागी ने बताया कि 21 नवंबर को 10 बजे से 12 बजे तक नाम वापसी और दो से तीन बजे तक नामांकन पत्रों की जांच का कार्य किया जायेगा। उन्होंने बताया कि यदि आवश्यक हुआ, तो 25 नवंबर को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान संपन्न होगा। 26 नवंबर को सुबह आठ बजे से मतगणना कराई जाएगी। इसी दिन परिणाम की घोषणा होगी। उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान सीओपी कार्ड अथवा बार काउंसिल आफ इंडिया का प्रमाणपत्र दिखाना जरूरी होगा। नामांकन प्रक्रिया के दौरान एल्डर कमेटी के चेयरमैन अब्दुल रऊफ एडवोकेट, सदस्य सुरेंद्र शर्मा, सहायक चुनाव अधिकारी अधिवक्ता आजम शमसी, राजेश शर्मा, केडी त्यागी, कपिल कुमार, सोपाल सिंह, सतेंद्र पुंडीर व गोपाल माहेश्वरी मौजूद रहे।

Next Story