undefined

मुजफ्फरनगर में पंचायत चुनाव लड़ेगी आपः संजय सिंह

जिला पंचायत के सभी वार्डों में प्रत्याशी उतारेगी पार्टी, सांसद ने दिया संगठन की मजबूती का मंत्र

मुजफ्फरनगर में पंचायत चुनाव लड़ेगी आपः संजय सिंह
X

मुजफ्फरनगर। आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी सांसद संजय सिंह ने कहा कि संगठन ही शक्ति होता है। उन्होंने मुजफ्फरनगर में मजबूत संगठन के लिए पार्टी के नेताओं को संघर्ष का मूल मंत्र देते हुए कहा कि मुजफ्फरनगर में पंचायत चुनाव पार्टी मजबूती के साथ लड़ेगी। उन्होंने जनपद में जिला पंचायत के सभी वार्डों में प्रत्याशी उतारने के लिए पार्टी की योजनाओं का खुलासा भी किया। इस अवसर पर सैंकड़ों लोगों ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

मंगलवार को आम आदमी पार्टी की एक सभा रुड़की रोड स्थित बैंकट हाॅल में आयोजित की गयी। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं सांसद संजय सिंह और प्रदेश उपाध्यक्ष सुमेन्द्र ढाका पहुंचे। जिलाध्यक्ष अरविन्द बालियान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने इन नेताओं का भव्य स्वागत किया। यहां पर सभा को सम्बोधित करते हुए सांसद संजय सिंह ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में अराजकता का वातावरण बना हुआ है। अपराधियों को सत्ता का खुला संरक्षण प्राप्त हो रहा है। हम हाथरस में यह देख चुके हैं।


प्रशासन और पुलिस निरंकुश हो चुकी है। सरकार का कोई भी अंकुश नहीं है। कानून व्यवस्था की स्थिति ऐसी है कि बहन बेटियों ने भय के कारण निकलना छोड़ दिया है। आये दिन भयंकर बलात्कार और हत्याओं के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसे मामलों में पीड़ितों के साथ मिलकर आंदोलन करने का आह्नान किया। उन्होंने कहा कि संगठन ही पार्टी की शक्ति होता है और संगठन को संघर्ष से शक्ति मिलती है। उन्होंने मुजफ्फरनगर में संगठन के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि गांव गांव कमेटियों का गठन किया जाये। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर में पार्टी ने पंचायत चुनाव में भागीदारी की रणनीति बनाई है। इसके लिए जिला पंचायत के सभी वार्डों पर पार्टी सदस्य पद के लिए अपने प्रत्याशी उतारेगी। उन्होंने संगठन में शामिल हुए लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि इन लोगों के आने से मुजफ्फरनगर में संगठन को नई ताकत मिलेगी।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष अरविन्द बालियान, प्रभारी अंकुश चौधरी, तसव्वुर हुसैन, मौ. वसी खैरी, रोहन त्यागी, शहजाद जैदी, कमल वशिष्ठ, प्रो. अनिल कुमार, सिताब त्यागी, अशोक बालियान, कुलदीप तोमर, नितिन कुमार, सलुमान ठेकेदार, बिलाल राणा, इरफान राणा, कैसर अली सहित सैंकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Next Story