undefined

अमित शाह ने मुजफ्फरनगर को याद दिलाये दंगे

अपने संबोधन में अमित शाह ने 2013 में हुए मुजफ्फरनगर दंगे को जनता के सामने रखने का काम करते हुए कहा कि मैंने यहां दंगों की वेदना को व्यक्तिगत रूप से महसूस किया है

अमित शाह ने मुजफ्फरनगर को याद दिलाये दंगे
X

मुजफ्फरनगर। जनपद में चुनावी प्रचार के लिए पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता गृह मंत्री अमित शाह ने लोगों को सपा सरकार के कार्यकाल में हुए दंगों की याद दिलाने से गुरेज नहीं किया। अमित शाह ने स्पष्ट कहा कि तय आपको करना है कि दंगा कराने वालों के हाथों में फिर से सत्ता सौंपनी है या दंगों में फंसाये गये निर्दोषों को बचाने के लिए लड़ाई लड़ने वालों को सत्ता में वापस लौटाना है।

एक हफ्ते के भीतर गृहमंत्री अमित शाह दोबारा शनिवार को पश्चिमी यूपी में चुनाव सरगर्मी बढ़ाते हुए नजर आये। कैराना के बाद आज वह मुजफ्फरनगर पहुंचे। जनसंवाद की शुरूआत उन्होंने राजा परीक्षित की इस धरती को नमन के साथ किया। उन्होंने अपने सम्बोधन से पूर्व स्वतंत्रता संग्राम में गांव दूधली के सेनानियों के योगदान को याद किया तो स्वतंत्रता सेनानी आसाराम शर्मा के संघर्ष और किसान नेता चौ. चरण सिंह व चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत का जिक्र करते हुए उनको भी नमन किया। अपने संबोधन में अमित शाह ने 2013 में हुए मुजफ्फरनगर दंगे को जनता के सामने रखने का काम करते हुए कहा कि मैंने यहां दंगों की वेदना को व्यक्तिगत रूप से महसूस किया है, मैं उस दौर में यहा आया हूं। दंगों के आरोपी को बचाया गया। मैं आज भी दंगों की पीड़ा नहीं भूला हूं। सवाल पूछा- क्या आप लोग दंगों को भूल गए हैं? जवाब मिला- नहीं..नहीं..। मुजफ्फरनगर के दंगों में वोट बैंक को ध्यान में रखकर पुलिस ने कार्रवाई की। हजारों फर्जी केस दर्ज किए गए। मैं तो संजीव बालियान के नेतृत्व में ऐसे भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं जिन्होंने पीड़ितों के हकों की लड़ाई लड़ी।

चरण सिंह-महेन्द्र टिकैत के नाम पर छुआ जाट मन


मुजफ्फरनगर। गृह मंत्री अमित शाह ने सपा रालोद गठबंधन की ओर इशारा करते हुए जाटों के मन को भी छूने का पूरा प्रयास किया। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय को जमीन देने वाले राजा महेन्द्र प्रताप सिंह का नाम यूपी में कभी नहीं लिया गया, उनको कोई सम्मान नहीं मिला, लेकिन मोदी और योगी ने उनके नाम पर अलीगढ़ को एक नई यूनिवर्सिटी देने का काम कर समाज का मान बढ़ाया है। चौधरी चरण सिंह और महेंद्र सिंह टिकैत के नाम पर सड़कों के नामकरण किए। विजयवाडा में भी जाट नेता के नाम पर सड़क बनाई है और हरियाणा में सर छोटूराम के नाम पर विकास कार्य कराये गये हैं, सड़कों का नामकरण किया गया है। हमने सभी वर्गों को सम्मान दिया है।

कपिल को बताया भावी विधायक, संजीव बालियान को कहा दोस्त

मुजफ्फरनगर। केन्द्रीय गृह मंत्री ने आज यहां चुनाव प्रचार के दौरान कपिल देव अग्रवाल को जीत का आशीर्वाद भी नये अंदाज में दिया। जब वह बैंकट हॉल में जनसंवाद कार्यक्रम को सम्बोधित करने के लिए उठे तो उन्होंने सभी का परिचय कराया। इसी बीच उन्होंने केन्द्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान की प्रशंसा की और उनको अपना मित्र बताते हुए कहा कि उन्होंने यहां पीड़ितों के लिए संघर्ष किया है। इसी प्रकार राज्य में कैबिनेट मंत्री भूपेन्द्र चौधरी की प्रशंसा में शाह ने कहा कि उन्होंने इस पश्चिम क्षेत्र में परिश्रम कर भाजपा को मजबूत बनाया है। इसके बाद उन्होंने कपिल देव अग्रवाल को सदर से अगला विधायक होने का आशीर्वाद देते हुए कहा कि कपिल ही भावी विधायक हैं। इस पर सदन में तालियों का शोर सुनाई दिया।

Next Story