undefined

महेन्द्र सिंह टिकैत का मना बर्थ-डे, मंत्री संजीव-उमेश ने दी श्रद्धांजलि

किसान मसीहा महेन्द्र सिंह टिकैत की 85वीं जयंती पर सीएम योगी ने दिया संदेश, सिसौली सहित मुजफ्फरनगर के कई स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित, हुआ हवन।

महेन्द्र सिंह टिकैत का मना बर्थ-डे, मंत्री संजीव-उमेश ने दी श्रद्धांजलि
X

मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 85वीं जयंती जनपद मुजफ्फरनगर के साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों में मनाई गयी। किसान मसीहा का रूतबा पाने वाले महेन्द्र सिंह टिकैत को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपने संदेश के साथ याद किया और श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही भाकियू की राजधानी सिसौली में सवेरे हवन का आयोजन किया गया, इसमें मंत्री संजीव बालियान और विधायक उमेश मलिक सहित सैंकड़ों किसानों ने पहुंचकर अपने श्रद्धांसुमन अर्पित किये।


मंगलवार को भाकियू के अध्यक्ष रहे स्व. महेन्द्र सिंह टिकैत की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सवेरे ट्वीट करते हुए अपनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि हम कृषक उन्नयन हेतु सतत प्रयत्नशील रहने वाले, अन्नदाता किसानों के संरक्षक, अभिभावक के रूप में किसानों के जीवन में खुशियां लाने हेतु अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित करने वाले महान किसान नेता चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की पावन जयंती पर उनकी स्मृतियों को कोटिशः नमन एवं विनम्र श्रद्धांजलि प्रस्तुत करते हैं।

आज उनकी की 85वीं जयंती मनाई गई। उनके पैतृक गांव और भाकियू की राजधानी के रूप में प्रसिद्ध कस्बा सिसौली के किसान भवन में भाकियू द्वारा हवन यज्ञ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य रूप से केन्द्रीय पशुपालन, मतस्य एवं डेयरी विकास विभाग के राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान व बुढाना विधायक उमेश मलिक ने पहुंचकर किसानों और मजदूरों के बाबा महेंद्र सिंह टिकैत को श्रद्धांसुमन अर्पित किये। उसके पश्चात मंत्री डाॅ संजीव बालियान एवं विधायक उमेश मलिक ने हवन में शामिल होकर आहुति दी। इस मौके पर भाकियू के युवा नेता गौरव टिकैत, जिला सहकारी बैंक के सभापति सतपाल सिंह पाल, अजय बालियान सहित काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।

गौरतलब है कि चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत ने 6 अक्टूबर 1935 को जनपद मुजफ्फरनगर के कस्बा सिसौली में किसान के परिवार में जन्म लिया था। साल 2011 में उनका निधन हो गया था। 8 साल की अल्पायु में ही महेन्द्र सिंह टिकैत को बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी मिली और वह खेलने कूदने की इस उम्र में ही बालियान खाप के मुखिया बना दिये गये थे। किसान नेता चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत वो शख्सियत थे, जिन्होंने एक मौजूदा प्रधानमंत्री से सामने खड़े होकर ही रिश्वत से जुड़ा सवाल पूछ लिया था।

उन्होंने किसानों को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर इतना मजबूत किया कि आज किसान उनकी कमी को महसूस करते हैं। वह एक ऐसे किसान नेता रहे जो सरकारों तक नहीं जाता था, सरकारें खुद चलकर उनके पास आती थीं। सिसौली के साथ ही जनपद में अनेक स्थानों पर महेन्द्र सिंह टिकैत की जयंती मनाई गई। जानसठ उपजिलाधिकारी कार्यालय पर बाबा महेंद्र सिंह टिकैत के जन्मदिवस पर आयोजित हवन कार्यक्रम में भाकियू जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान यूनियन कार्यकर्ताओं व किसानों के साथ शामिल रहे।

Next Story