undefined

अंजू अग्रवाल का मिशन विकास-शहर को मिला तीसरा शमशान घाट, मंत्री संजीव बालियान और कपिल देव ने किया लोकार्पण

56 लाख रुपये की लागत से चक्कर वाली सड़क पर नगरपालिका ने बनवाया है नया शमशान घाट, भगवान शंकर-मां काली और बाबा भैरव की प्रतिमाओं के साथ जनकपुरी में मोक्षधाम का लोकार्पण। केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान, मंत्री कपिल देव, विधायक उमेश मलिक व चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने किया जनता को समर्पित

अंजू अग्रवाल का मिशन विकास-शहर को मिला तीसरा शमशान घाट, मंत्री संजीव बालियान और कपिल देव ने किया लोकार्पण
X

मुजफ्फरनगर। शहरवासियों के लिए आज से एक और मोक्षधाम अंतिम क्रिया के लिए उपलब्ध हो गया है। अभी तक शहर में दो शमशान घाट ही थे, जो शहर के दोनों छोर पर होने के कारण लोगों को अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव देह को काफी लंबा रास्ता तय कर ले जाना पड़ता था, लेकिन अब तीसरा शमशान घाट का लोकार्पण हो जाने से शहर के बीच की आबादी के लोगों को अंतिम क्रिया के लिए ज्यादा दूर नहीं जाना पड़ेगा। आज केन्द्र और राज्य सरकारों के मंत्रियों द्वारा नगरपालिका परिषद् की अध्यक्ष के साथ शहर का तीसरा शमशान घाट जनता को समर्पित किया गया। इस दौरान शमशान घाट में भगवान शंकर और मां काली की प्रतिमाओं का पूजा अर्चना के बाद अनावरण भी किया।


नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर द्वारा अपनी भूमि पर 14वें वित्त आयोग 2019-20 के अन्तर्गत 56 लाख रुपए की लागत से अनंत कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा वार्ड 26 में जनकपुरी चक्कर वाली सड़क पर निर्मित शमशान घाट का उद्घाटन एवं भगवान शंकर, महाकाली एवं भैरव बाबा की मूर्ति की स्थापना के लिए पालिकाध्यक्ष श्रीमती अंजू अग्रवाल की अध्यक्षता में लोकार्पण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल, विधायक उमेश मलिक एवं पूर्व चेयरमैन तथा आयुष बोर्ड उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डा. सुभाष चंद शर्मा द्वारा शमशान घाट का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया गया। मंत्रियों व विधायक के साथ चेयरपर्सन ने यहां पर पूजा अर्चना की।

अपने संबोधन में पालिकाध्यक्ष ने कहा कि काफी प्रयास के बाद यह शमशान घाट बनकर तैयार हुआ है। हमारा बोर्ड सौभाग्यशाली है कि हम शहरवासियों को एक नया मोक्षधाम देने में सफल रहे हैं। इसके लिए लंबी लड़ाई भी लड़नी पड़ी है। उन्होंने कहा कि यह मोक्षधाम एक ऐसी जगह है, जहां पर सभी को एक ना एक दिन आना होता है। पालिकाध्यक्ष ने जनवरी 2019 में पास हुए इस प्रस्ताव के बारे में उपस्थित लोगों को बताया और समारोह में अतिथि के रूप में मौजूद केन्द्रीय मंत्री डा. संजीव कुमार बालियान एवं मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल का भी इस मोक्षधाम की स्थापना के लिए सहयोग देने पर धन्यवाद किया। राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल द्वारा भी अपने कार्यकाल में इस शमशान को बनाएं जाने के लिए किए गए प्रयासों की उपस्थित लोगों को जानकारी दी गई।

उन्होंने इसको मूर्तरूप देने के लिए पालिकाध्यक्ष अंजू अग्रवाल एवं पूरे बोर्ड का आभार जताया। दोनों मंत्रियों ने इस शमशान घाट के विकास के लिए हमेशा तैयार रहने का आश्वासन क्षेत्रवासियों को दिया कार्यक्रम में कुछ अन्य लोगों द्वारा भी शमशान को दान के रुप में पंखे, बेंच, लकड़ियां वह अन्य सामान देने की घोषणा की गई। कार्यक्रम का संचालन सभासद पति एवं भाजपा नेता बिजेंद्र पाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर नगरपालिका के पूर्व विधायक अशोक कंसल, अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मणि त्रिपाठी, सहायक अभियंता निर्माण ओंकार सिंह, सभासद अरविंद धनगर, मनोज वर्मा, अमित बाॅबी, नवनीत कुच्छल, ओम सिंह, राजीव शर्मा, विपुल भटनागर, स्टेनो अध्यक्ष गोपाल त्यागी, जगदीश पांचाल, एसके बिट्टू, मनीष कुमार, अनिल धमीजा, मुकेश धीमान, राहुल गोयल, विजय वर्मा, राजेश पांडेय, प्रवीण वर्मा के अलावा मोक्ष धाम समिति से जुड़े हुए पदाधिकारी मौजूद रहे।




Next Story