undefined

नगरपालिका के ईओ कोरोना पाॅजिटिव, होम आईसोलेट हुए

ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी ने बताया कि उनको पिछले दो तीन दिनों से बुखार की शिकायत बन रही थी।

नगरपालिका के ईओ कोरोना पाॅजिटिव, होम आईसोलेट हुए
X

मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद् के अधिशासी अधिकारी को भी कोरोना ने घेर लिया है। कोरोना काल से ही दिन रात काम में जुटे रहने वाले पालिका ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी के कोरोना पाॅजिटिव आने के बाद पालिका में हलचल मच गयी है। ईओ ने पिछले दिनों उनके सम्पर्क में रहे अधिकारियों व कर्मचारियों से अपना कोविड टेस्ट कराये जाने की अपील करते हुए खुद को होम आइसोलेट कर लिया है। पालिका के वह दूसरे अधिकारी हैं, जिनको कोरोना संक्रमण हुआ है।

बता दें कि कोरोना संकट काल में पहले लाॅक डाउन से ही नगरपालिका परिषद् के ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी अपनी टीम के साथ दिन रात साधन और संसाधन जुटाने के साथ ही सफाई व्यवस्था व अन्य विकास कार्यों को गति देने में जुटे हुए हैं। कोरोना के दौरान लाॅक डाउन में उनके द्वारा गरीबों, असहाय और निराश्रित लोगों के भरण पोषण के लिए भोजना व्यवस्था को संभाले रखा तो संचारी रोग नियंत्रण अभियान में वह शहर की सफाई व्यवस्था में जुटे रहे। अनलाॅक हुआ तो नगर में विकास कार्यों को गतिमान बनाने में उनका पूरा योगदान बना रहा। अब उनको कोरोना संक्रमण ने घेर लिया है।

ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी ने बताया कि उनको पिछले दो तीन दिनों से बुखार की शिकायत बन रही थी। डाक्टर से परामश के बाद दवाई लेकर उपचार शुरू कराया, लेकिन तबियत में ज्यादा सुधार नहीं होने पर उन्होंने अपना कोविड टेस्ट कराया। ईओ विनय त्रिपाठी ने जिला चिकित्सालय के कोविड टेस्ट सेंटर पर जाकर अपना टेस्ट कराया। यहां रैपिड एंटीजन टेस्ट में उनकी रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। उन्होंने यहां पर अपनी आरटीपीसीआर जांच के लिए भी सैम्पल दिया है। ईओ विनय त्रिपाठी ने बताया कि रिपोर्ट पाॅजिटिव आने के बाद उन्होंने खुद को स्वास्थ्य विभाग की अनुमति पर होम आइसोलेट कर लिया है।

उन्होंने पालिका के ऐसे अधिकारियों व कर्मचारियों से भी अपना कोविड टेस्ट कराने की अपील की है, जो पिछले दो तीन दिनों में उनके सम्पर्क में रहे हैं। ईओ विनय कुमार के कोरोना संक्रमित होने पर पालिका में हड़कम्प की स्थिति बनी हुई है। बीते दिन ही उन्होंने नगरपालिका अध्यक्ष अंजू अग्रवाल के साथ कई वार्डों का भ्रमण किया और कुछ सड़कों का लोकार्पण भी किया था। वह पालिका के दूसरे अधिकारी हैं, जो कोरोना पाॅजिटिव आये हैं। इससे पहले पालिका के सफाई निरीक्षक उमाकांत शर्मा भी कोरोना संक्रमित पाये गये थे।

Next Story